Delhi NCR Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: दिल्ली में गर्मी का मौसम धीरे-धीरे पैर पसार रहा है। यहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री के पार पहुंच गया है। सिर्फ तड़के सुबह और देर रात को ही हल्की ठंड महसूस हो रही है। दिन में धूप की तल्खी भी बढ़ती जा रही है। लेकिन आज से दिल्ली में मौसम करवट लेने वाला है। राजधानी में दो दिन तेज हवाएं चलने की संभावना है। जिसके बाद अगले तीन दिन बारिश होने का अनुमान जताया जा रहा है। इस बार होली पर सिर्फ रंग ही नहीं बल्कि बदरा भी बरसने वाले हैं। एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में यह बदलाव होगा।
आज दिल्ली का मौसम
आज छाए रहेंगे बदरा
मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। साथ ही 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती है। बुधवार को भी राजधानी में ऐसा ही मौसम रहने के आसार हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री के बीच रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। वहीं नोएडा, गाजियाबाद और गुड़गांव में तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं।
होली के दिन होगी बारिश
दिल्ली में होली के दिन मौसम सुहावना रहने वाला है। मौसम विभाग ने 13 से 15 मार्च के दौरान हल्की बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 18 डिग्री के आसपास दर्ज किया जा सकता है। बारिश के बाद तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। दिल्ली में 16 मार्च को बादल छाए रहेंगे। जिसके बाद 17 मार्च से मौसम फिर से साफ हो सकता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
