Parvesh Verma Slap Row: राष्ट्रीय राजधानी में थप्पड़ कांड को लेकर सियासत गर्मायी हुई है। दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार में लोक निर्माण विभाग के मंत्री प्रवेश वर्मा के खिलाफ एफआईआर पर अड़े आम आदमी पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
आम आदमी पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज
विकासपुरी स्टेशन के बाहर प्रदर्शन
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, प्रवेश वर्मा के खिलाफ एफआईआर की मांग को लेकर सौरभ भारद्वाज आम आदमी पार्टी के विधायकों और पार्षदों के साथ विकासपुरी पुलिस स्टेशन के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान, दिल्ली पुलिस ने सौरभ भारद्वाज और विधायक जरनैल सिंह को हिरासत में ले लिया।
'पुलिस ने FIR दर्ज करने से किया मना'
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने भाजपा के थप्पड़बाज मंत्री प्रवेश वर्मा के खिलाफ एफआईआर करने से मना कर दिया। उन्होंने कहा, ''पुलिस का कहना है कि उसने थप्पड़ मारे जाने वाला वह वीडियो नहीं देखा है, जबकि यह वीडियो कल से पूरा देश देख चुका है। मतलब साफ है, ये पुलिसवाले प्रवेश वर्मा को बचाने में लगे हैं, लेकिन हम भी तब तक डटे रहेंगे, जब तक एफआईआर नहीं हो जाती।''
उन्होंने कहा, ''देश का 'जेन जेड' इतना कमजोर नहीं है कि भाजपा का कोई भी मंत्री उसे थप्पड़ मारकर यूं ही बचकर बिना मुकदमे के निकल जाए। पुलिसकर्मी प्रवेश वर्मा की कोठी के बाहर बैरिकेड लगाकर उनकी हिफाजत कर रहे हैं, जबकि जिस साहिब सिंह को थप्पड़ मारा गया था वो कल रात एक बजे तक थाने में था और अभी भी थाने में है।''
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: अबतक 15 गिरफ्तारी, 7 से ज्यादा FIR... उज्जैन में शाही मस्जिद का हिस्सा तोड़ने पर घमासान, CCTV और ड्रोन से निगरानी
प्रवेश वर्मा के खिलाफ NCR दर्ज
दिल्ली पुलिस ने प्रवेश वर्मा के खिलाफ एनसीआर (असंज्ञेय रिपोर्ट) दर्ज की है, जबकि आम आदमी पार्टी विधायक सिंह के खिलाफ लोक सेवकों के कर्तव्य के निर्वहन में बाधा डालने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है।
क्या है NCR?
एनसीआर तब दर्ज की जाती है, जब प्राप्त जानकारी किसी असंज्ञेय अपराध से संबंधित होती है। ऐसे मामलों में, पुलिस को जांच करने के लिए मजिस्ट्रेट की अनुमति की आवश्यकता होती है, जबकि संज्ञेय अपराध में पुलिस कानून के तहत दी गई व्यवस्था के अनुसार जांच आगे बढ़ा सकती है।
