Chhath Puja 2026: छठ पूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने रविवार को बड़ा ऐलान किया। दिल्ली मेट्रो ने मेट्रो सेवाओं को सोमवार को निर्धारित समय से पहले शुरू करने का फैसला किया है। आपको बता दें कि मेट्रो सेवाएं 16 नवंबर दिन सोमवार को सुबह 6 बजे के बजाय 4:30 बजे से शुरू होंगी।
दिल्ली मेट्रो (फाइल फोटो)
डीएमआरसी के अनुसार, यह सुविधा दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सभी टर्मिनल स्टेशनों पर उपलब्ध होगी। इसका मकसद सुबह तड़के छठ घाटों पर जाने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा प्रदान करना है।
डीएमआरसी ने बताया कि सुबह 4:30 बजे से नियमित मेट्रो सेवाएं शुरू होने तक सभी लाइनों पर ट्रेनें 15 मिनट के अंतराल पर चलेंगी। इसके बाद मेट्रो का परिचालन दिन की निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार सामान्य रूप से जारी रहेगा। इस व्यवस्था से छठ पर्व के अंतिम दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए घाटों पर जाने वाले श्रद्धालुओं को काफी सहूलियत मिलेगी।
यातायात पाबंदियां भी लागू
छठ पूजा के मद्देनजर दिल्ली में यमुना घाटों की ओर जाने वाली और उनसे सटी कई सड़कों पर रविवार दोपहर दो बजे से सोमवार सुबह आठ बजे तक यातायात पाबंदियां लागू रहेंगी।
यातायात पुलिस ने बताया कि 15 और 16 नवंबर को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के विभिन्न घाटों पर पहुंचने की उम्मीद है, जहां वे पूजा-अर्चना करेंगे। परामर्श के अनुसार, इन घाटों में वजीराबाद क्षेत्र के राम घाट, सूर घाट और बजरंगी घाट शामिल हैं। इसके अलावा आईएसबीटी के पास स्थित वासुदेव घाट और आईपी एस्टेट क्षेत्र का हाथी घाट भी शामिल है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: अब दिल्ली से मेरठ का सफर सिर्फ 36 मिनट में
श्रद्धालुओं की आवाजाही और उस समय की यातायात स्थिति को देखते हुए इन घाटों की ओर जाने वाली और उनसे सटी सड़कों पर जरूरत के अनुसार यातायात नियंत्रित किया जाएगा। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और आम लोगों को होने वाली असुविधा कम करना है।
