Mayur Vihar Delhi News Today: राजधानी दिल्ली के पूर्वी जिले से रविवार तड़के एक दिल दहला देने वाली खूनी वारदात सामने आई है। न्यू अशोक नगर थाना क्षेत्र के मयूर विहार फेज-3 इलाके में तड़के लगभग 4 से 5 बजे के बीच दो हमलावरों ने एक अज्ञात व्यक्ति पर लाठी-डंडों ताबड़तोड़ हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, सीनियर अफसर और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
CCTV में दिख रहे हमलावर
यह खौफनाक वारदात मयूर विहार फेज-3 स्थित एक स्थानीय विधायक (MLA) के कार्यालय के ठीक सामने और दुर्गा मंदिर के पास अंजाम दी गई।
तड़के हुए इस अचानक हमले से इलाके में हड़कंप मच गया। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक हमलावरों ने पीड़ित पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही न्यू अशोक नगर थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने घटना स्थल से खून के नमूने, फिंगरप्रिंट्स और अन्य साक्ष्य एकत्र किए हैं।
दिल्ली पुलिस ने इलाके के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज को कब्जे में ले लिया है और उसे खंगाला जा रहा है। CCTV फुटेज के जरिए हमलावरों के भागने के रूट और उनकी पहचान स्थापित करने की कोशिश की जा रही है।
