दिल्ली-NCR और उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। शीतलहर से लोग दिन में भी कांपते हुए नजर आ रहे हैं। हाड़ कंपाने वाली ठंड के चलते लोगों को सुबह और देर शाम घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। दिल्ली की सर्दी को लेकर तमाम बातें कही जाती हैं, लेकिन इस बार की ठंड से कई सालों के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। ऐसे में प्रश्न ये उठता है कि आखिर दिल्ली में इतनी ठंड क्यों पड़ रही है। आखिर क्या कारण है कि दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले लोग इतने दिनों तक प्रचंड शीतलहर का सामना करने को मजबूर हैं। चलिए जानते हैं -
दिल्ली में इतनी ठंड क्यों पड़ रही है, जानिए चार कारण (Photo - PTI)
दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में इन दिनों प्रचंड ठंड का प्रकोप देखने को मिल रहा है। तापमान लगातार सामान्य से नीचे बना हुआ है। दिल्ली के अलावा नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद, गुरुग्राम, अलवर, मेरठ के साथ ही आसपास के कई क्षेत्रों में शीतलहर से लोग परेशान हैं। यही नहीं आसपास के कई इलाकों में पाला पड़ने की घटनाएं भी सामने आई हैं। कई दिनों तक कोल्ड-डे का सामना करना पड़ रहा है और घने कोहरे ने भी लोगों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। इतनी प्रचंड ठंड के चार प्रमुख कारण हैं।
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर
हिमालयी क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ यानी वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय है, जिसके कारण पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो रही है। उत्तर-पश्चिमी दिशा से तेज ठंडी हवाएं चल रही हैं, जो बर्फीली हवा को उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में धकेल रही है और उसके कारण यहां शीतलहर का प्रकोप देखने को मिल रहा है।
साफ आसमान से बढ़ी ठंड
अगर रात को आसमान की तरफ देखें तो आजकल आसमान साफ नजर आ रहा है। रात के समय आसमान साफ रहने से धरती की गर्मी तेजी से अंतरिक्ष में चली जाती है, इसे रेडिएशनल कूलिंग कहा जाता है। इस इफेक्ट के चलते रात के तापमान में बहुत तेज गिरावट आती है।
पहाड़ों से आई ठंडी हवाएं
बर्फबारी के कारण पहाड़ों में काफी ज्यादा ठंड देखने को मिल रही है। वहां से आई ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों में फंस गई हैं। हवाएं कमजोर होने के कारण वह बाहर नहीं निकल पा रही हैं। इन हवाओं के चलते शीतलहर और ज्यादा तेज हो गई है।
घना कोहरा
दिल्ली में प्रचंड ठंड का कारण (फोटो - AI)
मैदानी इलाकों में घना कोहरा देखने को मिल रहा है। प्रदूषण के चलते स्मॉग के कारण धूप धरती तक नहीं पहुंच पा रही है, जिससे दिन का तापमान भी लगातार नीचे बना हुआ है। धूप नहीं आने से दिन में भी कंपकंपी छूट रही है।
एक तरफ दिल्ली-एनसीआर में ठंड और शीतलहर से हालात बिगड़े हुए हैं, दूसरी तरफ एयर क्वालिटी इंडेक्स भी लगातार 400 या उससे ऊपर बना हुआ है। लगातार प्रदूषण गंभीर श्रेणी में बना हुआ है।
