Delhi Metro Republic Day 2026: गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर जब देशभर में उत्सव और देशभक्ति का माहौल होगा। इसी कड़ी में राजधानी दिल्ली में तैयारियां जोरों पर हैं। इस बीच DMRC ने एक नया अपडेट जारी किया है, जो कि दिल्लीवालों और परेड में हिस्सा लेने वाले लोगों के लिए किसी सौगात से कम नहीं है। बता दें कि, दिल्ली मेट्रो यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 26 जनवरी 2026 (सोमवार) को अपनी सभी लाइनों पर सेवाएं तड़के सुबह 3:00 बजे से शुरू करेगी।
दिल्ली मेट्रो गणतंत्र दिवस 2026 पर इस समय शुरू होगी
हर 15 मिनट के अंतराल पर ट्रेनों का संचालन
यह व्यवस्था विशेष रूप से कर्तव्य पथ तक आमजन की आसान और सुरक्षित पहुंच सुनिश्चित करने के लिए की गई है, ताकि अधिक से अधिक लोग राष्ट्रीय समारोह का आनंद ले सकें। यात्रियों की सुगमता के लिए सुबह 6:00 बजे तक मेट्रो ट्रेनों का परिचालन 15 मिनट के अंतराल पर किया जाएगा। इसके बाद पूरे दिन मेट्रो सेवाएं सामान्य समय-सारिणी के अनुसार संचालित होंगी। यात्रियों से अनुरोध है कि वे अपनी यात्रा की पहले योजना बनाएं और आरंभिक मेट्रो सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाएं।
सभी स्टेशनों पर पार्किंग की व्यवस्था
गणतंत्र दिवस के अवसर पर मेट्रो नेटवर्क के सभी स्टेशनों पर पार्किंग की व्यवस्था उपलब्ध रहेगी, जिससे समारोह में शामिल होने वाले लोगों को सुविधा हो। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के अनुसार, सुरक्षा कारणों से 26 जनवरी 2026 को सुबह 3 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक कुछ चयनित मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार अस्थायी रूप से बंद रहेंगे।
इनके लिए बिल्कुल फ्री रहेगी यात्रा
दर्शकों की आवाजाही को सरल बनाने के लिए दिल्ली मेट्रो द्वारा आमंत्रण पत्र के साथ निःशुल्क मेट्रो टिकट भी प्रदान किए जा रहे हैं। ये टिकट यात्रा के आने और लौटने दोनों के लिए मान्य होंगे। हालांकि, इस सुविधा का लाभ केवल वही व्यक्ति उठा सकेंगे जिनके पास वैध आमंत्रण पत्र या टिकट के साथ सरकारी फोटो पहचान पत्र होगा। निःशुल्क टिकट का उपयोग करने वाले यात्री उद्योग भवन या सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशन पर उतरकर अपने निर्धारित बैठने के स्थान तक आसानी से पहुंच सकेंगे।
