Delhi News: गांधी जयंती के अवसर पर जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को देखते हुए पूरी सेंट्रल दिल्ली को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। सुरक्षा कारणों और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिल्ली पुलिस की सिफारिश पर दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने नई दिल्ली और आसपास के 11 प्रमुख मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार अगले आदेश तक पूरी तरह बंद कर दिए हैं।
DMRC ने बंद किए 11 मेट्रो स्टेशन
हालांकि, राहत की बात यह है कि प्रमुख जंक्शन स्टेशनों पर यात्रियों की सहूलियत के लिए इंटरचेंज सुविधा चालू रखी गई है।
DMRC ने जारी की ये एडवाइजरी
DMRC ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशानुसार निम्नलिखित 11 मेट्रो स्टेशनों पर सेवाएं प्रभावित रहेंगी:
- जनपथ (Janpath)
- पटेल चौक (Patel Chowk)
- सेंट्रल सेक्रेटेरिएट (Central Secretariat)
- राजीव चौक (Rajiv Chowk)
- सेवा तीर्थ (Seva Teerth)
- मंडी हाउस (Mandi House)
- लोक कल्याण मार्ग (Lok Kalyan Marg)
- आईएनए (INA)
- चावड़ी बाजार (Chawri Bazar)
- रामकृष्ण आश्रम मार्ग (Ramakrishna Ashram Marg)
- नई दिल्ली (New Delhi)
बता दें कि राजीव चौक, मंडी हाउस, नई दिल्ली और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशनों पर यात्री एक लाइन से दूसरी लाइन पर जाने के लिए इंटरचेंज की सुविधा का उपयोग कर सकेंगे, लेकिन स्टेशन से बाहर निकलने या अंदर प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी।
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अपील खारिज
दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा और शांति व्यवस्था का हवाला देते हुए जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन की अनुमति देने से साफ इनकार कर दिया था। इसके बावजूद प्रदर्शनकारियों के जमावड़े की संभावना को देखते हुए नई दिल्ली जिले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। क्षेत्र में पहले से ही भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू है। इसके तहत 5 या उससे अधिक लोगों के एक जगह एकत्र होने पर पूर्ण प्रतिबंध है, जो 21 अक्टूबर तक के लिए लागू रहेगी। जंतर-मंतर, संसद मार्ग, कनेक्टिंग रोड्स और सेंट्रल दिल्ली के प्रमुख चौराहों पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) और दिल्ली पुलिस के जवानों की भारी नफरी तैनात की गई है। नई दिल्ली में प्रवेश करने वाली सभी मुख्य सड़कों पर कड़े बैरिकेड्स लगाकर वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच की जा रही है।
