Delhi News: दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह के कार्यालय को ईमेल के जरिए बुधवार को बम से उड़ाने की धमकी मिली। हालांकि कुछ भी संदिग्ध नहीं मिलने के बाद इसे फर्जी करार दे दिया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "ई-मेल कथित तौर पर ’खालिस्तान नेशनल आर्मी’ नामक समूह के नाम से भेजा गया है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत सूचित कर दिया गया जिसके बाद महापौर कार्यालय के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई और गहन जांच की गई।
दिल्ली के महापौर कार्यालय को ईमेल से बम की धमकी मिली (फोटो: ANI)
आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजी गई थी धमकी
यह धमकी महापौर की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजी गई थी जिसमें दावा किया गया था कि अपराह्न 2.11 बजे के आसपास कार्यालय को उड़ा दिया जाएगा। पुलिस ने बताया कि साइबर टीमें ईमेल के सोर्स का विश्लेषण कर रही हैं और भेजने वाले का पता लगाने के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है।
सिविक सेंटर परिसर की हुई जांच
दिल्ली पुलिस ने एक बयान में कहा कि कथित धमकी से संबंधित प्राप्त ईमेल की सूचना मिलने के बाद तत्काल सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई की गई। बयान में कहा गया है कि कमला मार्केट थाने के कर्मचारियों ने बम निरोधक दस्ता (BDDS) और श्वान दस्ता (Dog Squad) के साथ मिलकर सिविक सेंटर परिसर की गहन और व्यवस्थित जांच की।
कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि नहीं पाई गई
इसमें यह भी कहा गया कि निरीक्षण में पार्किंग क्षेत्र, बेसमेंट, महापौर कार्यालय और सिविक सेंटर के भीतर स्थित अन्य कार्यालय शामिल थे। जांच के दौरान सिविक सेंटर में कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि नहीं पाई गई। इसके अलावा, सिविक सेंटर में तैनात सुरक्षा कर्मचारियों को सजग किया गया और उन्हें कड़ी सतर्कता बनाए रखने के लिए सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।
पुलिस को तुरंत सूचित करने के निर्देश
बयान में कहा गया है कि उन्हें परिसर की नियमित रूप से निगरानी और जांच करने, उचित सत्यापन के बाद ही प्रवेश की अनुमति देने, निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों का प्रभावी ढंग से इस्तेमाल करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में स्थानीय पुलिस को तुरंत सूचित करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी जरूरी निवारक उपाय लागू हैं और स्थिति नियंत्रण में है।
(इनपुट - भाषा)
