Delhi Mahila Samriddhi Yojana: दिल्ली की महिलाओं के लिए राहतभरी खबर सामने आई है। रेखा गुप्ता सरकार जल्द ही गरीब और जरूरतमंद महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की आर्थिक मदद देने वाली योजना शुरू करने जा रही है। बताया जा रहा है कि ‘महिला समृद्धि योजना’ के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया जून महीने से शुरू हो सकती है। यह योजना 2025 के दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान बीजेपी के प्रमुख वादों में शामिल थी।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (File Photo)
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पोर्टल तैयार
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, इस योजना के लिए ऑनलाइन एक रजिस्ट्रेशन पोर्टल बना लिया गया है। जून के पहले सप्ताह से इस पोर्टल के शुरू होने की उम्मीद है। सूत्रों के अनुसार सरकार इस योजना को नए नाम ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ के तौर पर शुरू कर सकती है। इस योजना के माध्यम से दिल्ली की लगभग 17 लाख महिलाओं को फायदा मिलने की उम्मीद है। सीएम रेखा गुप्ता ने वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में इस योजना के लिए 5,100 करोड़ रुपये आवंटित किए थे।
सरकार ने पिछले साल भी रखा बजट
सरकार का कहना है कि योजना को पूरी पारदर्शिता और सही ढ़ंग से लागू किया जाएगा, ताकि जरूरतमंद महिलाओं तक इसका सीधा लाभ पहुंच सके। इस योजना के लिए पिछले साल भी सरकार ने 5,100 करोड़ रुपये का बजट रखा था, लेकिन लाभार्थी महिलाओं का सही डेटा नहीं मिलने के कारण यह योजना शुरू नहीं हो सकी थी।
इन महिलाओं को मिलेगा योजना का लाभ
योजना को लागू करने के लिए मार्च 2025 में सीएम रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित की गई थी। जिसमें कई कैबिनेट मंत्री भी शामिल थे। इस योजना का संचालन महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा किया जाएगा, जिसका नेतृत्व मुख्यमंत्री करती हैं। सरकार ने इस योजना के लिए पात्रता की शर्तें भी तय कर दी हैं। इस योजना का लाभ केवल उन्हीं महिलाओं को मिलेगा, जिनके पास दिल्ली का आधार कार्ड होगा और जो गरीबी रेखा (BPL) से नीचे आती हैं।
