दिल्ली में आज का मौसम (6 April 2026): दिल्ली-एनसीआर का मौसम हर दिन रंग बदल रहा है। कभी यहां बारिश की फुहारें पड़ रही हैं, तो कभी चिलचिलाती धूप निकल रही है। 15 मार्च के बाद से यहां रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी है। अप्रैल के पहले सप्ताह में भी यही आलम है। मौसम में हो रहे इस उलटफेर की वजह है एक के बाद एक एक्टिव हो रहे पश्चिमी विक्षोभ। जिनके कारण राजधानी समेत देश के कई राज्यों में आंधी-बारिश का मौसम दर्ज किया जा रहा है।
आज दिल्ली का मौसम
दिल्ली में 6 अप्रैल को कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली-एनसीआर में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। लेकिन बारिश होने की संभावना नहीं है। आज धूप भी खिली रहेगी, जिसकी वजह से दिन का तापमान फिर से 35 डिग्री के करीब पहुंच सकता है। जिससे गर्मी का एहसास हो सकता है। वहीं रात का तापमान 18 डिग्री सेल्सियस डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। सोमवार को 10 से 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
7 और 8 अप्रैल को दिल्ली में बारिश का अलर्ट
7 अप्रैल से राजधानी के मौसम में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। इस दिन उत्तर-पश्चिमी भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है। जिसके प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर में 7 अप्रैल को आंधी-बारिश आने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही मेघगर्जन और वज्रपात का भी अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान दिल्ली में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 8 अप्रैल को भी राजधानी में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान है। साथ ही तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
9 अप्रैल से बढ़ सकती है गर्मी
दिल्ली-एनसीआर में 9 अप्रैल से मौसम फिर से सामान्य हो जाएगा। 11 अप्रैल तक यहां मौसम साफ रहने की संभावना है। जिसके चलते दिन में धूप की तल्खी बढ़ सकती है और तापमान में भी इजाफा देखने को मिल सकता है। जिसके कारण गर्मी भी बढ़ने की संभावना है। इस दौरान दिन का तापमान 36 डिग्री और रात का पारा 20 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।
