दिल्ली में आज का मौसम (27 May 2026): दिल्लीवासी इन दिनों भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे हैं। दिन में धूप की तपिश से ऐसा लग रहा है, मानों सूरज आग उगल रहा है। साथ ही गर्म हवाओं के थपेड़ों से और बुरा हाल हो रहा है। लेकिन सूरज ढलने के बाद भी गर्मी और तपिश से राहत नहीं मिल रही है। भीषण गर्मी का मौसम रात में भी लोगों को बेचैन कर रहा है। हालांकि एक नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के प्रभाव से जल्द ही लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार कल यानी गुरुवार से दिल्ली के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। जिससे तापमान में भी बड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है।
दिल्ली में 27 मई को कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार आज दिल्ली में मौसम साफ रहेगा। दिनभर सूरज के तीखे तेवर देखने को मिलेंगे। साथ ही लू के थपेड़े भी जारी रहेंगे। आज हीटवेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान हवा की रफ्तार 20 से 30 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है। बीच-बीच में यह 40 किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है। बुधवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है।
दिल्ली में दिनभर झुलसा रही गर्मी
दिल्ली में मंगलवार को लोगों को दिनभर लू के थपेड़े का सामना करना पड़ा। चिलचिलाती धूप के कारण सिर्फ इंसान ही नहीं बल्कि जानवर भी परेशान दिखे। इस दौरान दिल्ली का अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजधानी के अन्य हिस्सों का तापमान भी 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
दिल्ली में 28 मई से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 28 मई को एक नए पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से दिल्ली-एनसीआर में बारिश की संभावना है। फिलहाल अगले 24 घंटे के दौरान लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है। जिसके बाद कल यानी 28 मई से 31 मई के बीच हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। साथ ही गरज-चमक के साथ लू भी चल सकती है। इस दौरान तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। वहीं न्यूनतम तापमान में भी 3-4 डिग्री सेल्सियस की कमी आने की संभावना है।
