यूपी में आज का मौसम (27 May 2026): उत्तर प्रदेश में कहीं भीषण गर्मी तो कहीं बारिश का मौसम देखने को मिल रहा है। एक तरफ लू का प्रकोप लोगों को बेहला कर रहा है। वहीं दूसरी ओर कई राज्यों में बादलों की आवाजाही के चलते गर्मी के तेवर नरम पड़े है। मंगलवार को एक बार फिर बांदा सिर्फ यूपी ही नहीं बल्कि पूरे देश का सबसे गर्म शहर दर्ज हुआ। यहां का तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। इसके अलावा प्रयागराज, झांसी समेत कई अन्य शहरों में भी 45 से 46 डिग्री के बीच तापमान दर्ज किया गया। हालांकि 48 घंटों बाद गर्मी से तप रहे इन शहरों को बारिश की राहत मिलने वाली है। एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से यूपी के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई जा रही है।
यूपी में 27 मई को कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने आज आगरा, जालौन, बांदा, झांसी और महोबा में भीषण लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं मथुरा, फिरोजाबाद और हाथरस में ऑरेंज अलर्ट है। इसके अलावा 26 जिलों में लू का येलो अलर्ट है। यूपी के कई हिस्सों में आज बारिश की संभावना भी जताई गई है। IMD के अनुसार 16 जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश का अनुमान है। जिनमें सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, बिजनौर, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, महराजगंज, कुशीनगर, गोरखपुर और देवरिया शामिल हैं। इस दौरान कई जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी भी चल सकती है।
यूपी के किन जिलों में लू का अलर्ट
मेरठ, बागपत, बिजनौर, शामली, मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, कासगंज, मथुरा, फिरोजाबाद, आगरा, जालौन, बांदा, झांसी, महोबा, हाथरस, एटा, फर्रुखाबाद, मैनपुरी, इटावा, कन्नौज, औरैया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, फतेहपुर, कौशांबी, चित्रकूट और प्रयागराज।
यूपी में 28 मई से बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिमी हिस्से में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। जिसके प्रभाव से यूपी के मौसम में 28 मई से बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने और तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है। बारिश के कारण तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। जिससे गर्मी से भी राहत मिलने की संभावना है।
