शहर

Hottest City: यूपी का बांदा फिर बना देश का सबसे गर्म शहर, 9 दिनों से 47 डिग्री पार पहुंच रहा तापमान

उत्तर प्रदेश का बांदा मंगलवार को लगातार दूसरे दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा। वहीं राजस्थान का श्रीगंगानगर भारत का दूसरा सबसे गर्म शहर बना। इसके अलावा महाराष्ट्र, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में भी तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच गया।

Image

एक बार फिर बांदा बना भारत का सबसे गर्म शहर

Hottest City in India: देश में एक ओर प्री-मानसून गतिविधियां देखने को मिल रही हैं, तो वहीं दूसरी ओर कई शहर भीषण गर्मी और लू का प्रकोप झेल रहे हैं। मंगलवार को उत्तर प्रदेश का बांदा एक बार फिर भारत का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, बांदा में 26 मई 2026 को अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। जिसने लोगों को बेहाल कर दिया। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दिनभर सड़कों पर सन्नाटा पसरा। दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिली।

बांदा में 9 दिनों से रिकॉर्ड तोड़ गर्मी!

बांदा में लगातार 9 दिनों से तापमान 47 डिग्री के पार दर्ज किया जा रहा है। सोमवार यानी 25 मई को भी बांदा देश का सबसे गर्म तापमान दर्ज हुआ था। इस दौरान यहां का तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मंगलवार को इसमें 0.2 डिग्री सेल्सियस की कमी आई, इस दौरान यह सामान्य से करीब 4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। बीते दिन सिर्फ बांदा ही नहीं, यूपी के कई अन्य जिले भी भीषण गर्मी की चपेट में रहे। इस दौरान उरई में तापमान 45.8 डिग्री, झांसी में 45.5 डिग्री, प्रयागराज में 45.4 डिग्री, आगरा में 45.3 डिग्री और हमीरपुर में 45.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। लगातार बढ़ती गर्मी और तापमान ने लोगों की परेशानी और बिजली-पानी की मांग दोनों बढ़ा दी हैं।

राजस्थान का श्रीगंगानगर देश का दूसरा सबसे गर्म शहर

उत्तर प्रदेश के अलावा राजस्थान भी भीषण गर्मी से झुलस रहा है। मंगलवार को श्रीगंगानगर 47 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का दूसरा सबसे गर्म शहर रहा। वहीं बीकानेर और फलोदी में भी तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि जैसलमेर और कोटा में दिन का पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार रहा। राजधानी जयपुर में भी बीते दिन तेज गर्मी महसूस हुई और अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

ब्रह्मपुरी में भी भीषण गर्मी

महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में भी गर्मी और लू का असर बेहद गंभीर रहा। यहां ब्रह्मपुरी में 46.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश के सबसे गर्म शहरों में शामिल रहा। प्रदेश के अन्य शहरों में चंद्रपुर में 46.4 डिग्री और वर्धा में 46 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा नागपुर और गोंदिया में भी भीषण गर्मी और गर्म हवाओं के थपेड़े लोगों को झेलने पड़े।

हरियाणा, पंजाब और दिल्ली में भी सूरज की तल्खी और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किया। मंगलवार को हरियाणा के सिरसा में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस और पंजाब के बठिंडा में 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं देश की राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में लू का प्रभाव जारी रहने की संभावना जताई है। हालांकि कुछ राज्यों में बारिश और तेज हवाओं से राहत मिलने के भी आसार हैं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें