शहर

'सोसाइटी में कुर्बानी नहीं चाहिए', मुंबई में बकरीद से पहले बढ़ा विवाद, BMC और पुलिस तक पहुंचा मामला

Mumbai Bakrid Dispute: मुंबई के घाटकोपर स्थित सागर पार्क सोसाइटी में बकरीद के मौके पर बकरे की कुर्बानी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कुछ रहिवासियों ने पुलिस और बीएमसी से शिकायत कर सोसाइटी परिसर में कुर्बानी की अनुमति रद्द करने की मांग की है।

Image

घाटकोपर की सोसाइटी में बकरीद पर कुर्बानी को लेकर विवाद (फाइल फोटो)

Mumbai Bakrid Dispute: मुंबई से सटे मीरा रोड में बकरीद को लेकर हुए विवाद के बाद अब पूर्वी मुंबई के घाटकोपर इलाके (Ghatkopar Bakrid Dispute) की एक हाउसिंग सोसाइटी में भी इसी तरह का मामला सामने आया है। घाटकोपर स्थित सागर पार्क सोसाइटी में बकरीद के मौके पर बकरे की कुर्बानी को लेकर विवाद बढ़ गया है। सोसाइटी के कुछ रहिवासियों ने इस मामले में पुलिस और बीएमसी से शिकायत करते हुए सोसाइटी परिसर में कुर्बानी की अनुमति रद्द करने की मांग की है।

रहिवासियों का कहना है कि उन्हें किसी भी धर्म या त्योहार से कोई परेशानी नहीं है, लेकिन रिहायशी सोसाइटी के अंदर इस तरह की गतिविधियों से बदबू, गंदगी और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं पैदा हो सकती हैं। लोगों का आरोप है कि बड़ी संख्या में बकरे सोसाइटी परिसर में लाए गए हैं, जिससे आसपास के इलाके में दुर्गंध फैल रही है और रहने वालों को परेशानी हो रही है। सोसाइटी के कुछ सदस्यों ने यह भी आरोप लगाया है कि सोसाइटी के चेयरमैन ने अपने अधिकारों का गलत इस्तेमाल करते हुए बीएमसी को एनओसी दे दी।

बीएमसी को भेजी गई शिकायत में कही ये बात

उनका कहना है कि इस फैसले को लेकर सोसाइटी के बाकी सदस्यों से कोई चर्चा नहीं की गई और न ही कोई आम बैठक बुलाई गई। इसी वजह से कई लोग इस फैसले का विरोध कर रहे हैं। बीएमसी को भेजी गई शिकायत में रहिवासियों ने कहा है कि सोसाइटी की मैनेजिंग कमेटी ने बिना उचित प्रक्रिया अपनाए पशुओं को रखने और कुर्बानी की अनुमति दे दी। शिकायत में यह भी कहा गया है कि इससे कानून-व्यवस्था और सोसाइटी का माहौल खराब हो सकता है। लोगों ने बॉम्बे हाईकोर्ट के पुराने आदेशों और दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि कुर्बानी के लिए शहर में पहले से अधिकृत स्थान और स्लॉटर स्पेस मौजूद हैं, इसलिए रिहायशी सोसाइटी में इसकी अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।

मामले को लेकर राजनीतिक माहौल गरमाया

रहिवासियों ने अपनी शिकायत में सार्वजनिक स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण, पशु सुरक्षा, फायर सेफ्टी और कानून-व्यवस्था से जुड़े कई नियमों का भी जिक्र किया है। उनका कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और बच्चों की सेहत और सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।

हालांकि बीएमसी ने सोसाइटी परिसर में अलग से कुर्बानी स्थल देने की मांग को खारिज कर दिया है। वहीं, मामले को लेकर राजनीतिक माहौल भी गर्म हो गया है। भाजपा नेता किरीट सोमैया के भी घाटकोपर स्थित सोसाइटी पहुंचने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में आने वाले समय में यह मामला और ज्यादा चर्चा में रह सकता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

monu jha
मोनू झा author

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कं... और देखें

End of Article