दिल्ली में आज का मौसम (23 March 2026): दिल्ली-NCR में एक बार आसमान में बादलों ने डेरा डाल लिया है। आज तड़के राजधानी के कई हिस्सों में बूंदाबांदी शुरू हुई। बारिश के साथ ही सर्द हवाएं भी चल रही हैं। जिससे तापमान में फिर से ठंडक बढ़ गई है। दिल्ली में सुबह 6 बजे पारा 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आज राजधानी में दिनभर बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान तेज हवाएं भी चलने की संभावना है।
दिल्ली में आज बारिश के आसार (सांकेतिक फोटो)
दिल्ली में आज कितना रहेगा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 16 डिग्री के करीब बना रह सकता है। इस दौरान हवाओं की स्पीड 20 से 25 किमी प्रति घंटे के बीच दर्ज की जा सकती है। पिछले 24 घंटे के दौरान राजधानी में तेज हवाएं चलने से रविवार शाम से ही मौसम हल्का ठंडा हो गया।
दिल्ली में अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली-NCR में 24 से 28 मार्च आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं। लेकिन इस दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है। हालांकि तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी होने के आसार हैं। इस दौरान दिल्ली में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है।
दिल्ली में बारिश से मौसम सुहावना
दिल्ली में 15 मार्च से बारिश का मौसम देखने को मिल रहा है। जिससे मौसम सुहावना बना हुआ है। 18 से 19 मार्च के बीच राजधानी में आंधी-तूफान और हल्की बारिश का सिलसिला लगातार जारी रहा। जिससे तापमान में काफी गिरावट आई है और गर्मी से भी बड़ी राहत मिली है। आज फिर से बारिश का मौसम देखने को मिलेगा। फिलहाल दिल्ली में अगले 3-4 दिन मौसम खुशनुमा ही बना रहेगा। 29 मार्च के बाद से तापमान में उछाल देखने को मिल सकता है।
