दिल्ली में आज का मौसम (10 August 2026): दिल्ली-NCR में जुलाई का माह कम बारिश के कारण चिपचिपी उमस भरी गर्मी के साथ बीता। लेकिन अब अगस्त के आगमन के साथ ही मानसून ने भी जोर पकड़ा हुआ है। राजधानी में शुरुआती 8 दिनों में ही बारिश ने पूरे अगस्त का औसत आंकड़ा पार कर लिया है। अभी भी मौसम का मिजाज थमने के बजाय और बरसने के संकेत दे रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, 16 अगस्त तक दिल्ली-एनसीआर में रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
दिल्ली में अगले 7 दिनों तक बारिश के आसार (सांकेतिक फोटो)
दिल्ली-एनसीआर में आज भी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, आज राजधानी में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश होने के आसार हैं। हालांकि इसको लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। आज राजधानी में अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। IMD ने 11 अगस्त को बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इस दिन भी मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
दिल्ली में अगले 7 दिन मौसम का हाल
दिल्ली में 12 से 16 अगस्त के बीच बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। इस दौरान कभी हल्की तो कभी तेज बारिश होने के आसार हैं। हालांकि इस दौरान मौसम विभाग की ओर से फिलहाल कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। तापमान की बात करें तो इसमें मौसम के साथ ही उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। इस अवधि में अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 24 से 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। अगले सात दिनों के दौरान राजधानी में बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी देखने को मिल सकती है, जिसके कारण लोगों को उमस और गर्मी फिर से परेशान कर सकती है।
