दिल्ली में आज का मौसम (09 Feb 2026): दिल्ली-एनसीआर में मौसम सामान्य बना हुआ है। सुबह शाम हल्की ठंड पड़ रही है और दिन में धूप भी खिल रही है। जिससे दिन में मौसम गर्म महसूस हो रहा है। पहाड़ों पर हो रही बारिश और बर्फबारी के कारण दिल्ली-एनसीआर में बर्फीली हवाएं बह रही हैं। जिस कारण सुबह-शाम ठिठुरन का एहसास हो रहा है। हालांकि दिन में धूप की तेजी के कारण हवाएं बेअसर हो रही हैं। फिलहाल दिल्ली में बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि बादलों की आवाजाही देखने को मिल सकती है।
आज दिल्ली का मौसम
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में आज आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं। सुबह के समय कहीं-कहीं हल्का कोहरा या धुंध भी छाई रह सकती है। दिन में धूप निकले के भी आसार हैं। राजधानी में सुबह के समय सर्द हवाएं भी चल रही हैं, जिसके दिन में भी जारी रहने की संभावना है। हालांकि धूप तेज होने पर हवाओं से सर्दी का एहसास नहीं होगा। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज किया जा सकता है।
दिल्ली में अगले 7 दिन कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली में मंगलवार को भी बादलों की आवाजाही बरकरार रहने की संभावना है। जिसके बाद मौसम साफ हो जाएगा। हालांकि सुबह के समय हल्की धुंध जरूर देखने को मिल सकती है। IMD के अनुसार इस समय पश्चिमी विक्षोभ दिल्ली-एनसीआर की ओर आता हुआ नहीं दिख रहा है। इस दौरान शीतलहर या घने कोहरे का भी कोई पूर्वानुमान नहीं जताया गया है। फिलहाल दिल्ली में अगले 7 दिन मौसम में कोई बड़ा बदलाव आने की संभावना नहीं है। इस दौरान तापमान में 1-2 डिग्री का उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
दिल्ली में रविवार को सुबह -शाम हल्की ठंड महसूस हुई। दिन में मौसम साफ रहा और धूप भी खिली रही। तेज धूप के कारण दिन और रात का पारा औसत से ऊपर पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 1.1 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो मौसमी औसत से 0.8 डिग्री अधिक है। इस दौरान पालम में न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री, लोधी रोड में 9.6 डिग्री, रिज में 10.2 डिग्री और आयानगर में 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान पालम में 22 डिग्री, लोधी रोड में 25.2 डिग्री, रिज में 24.6 डिग्री और आयानगर में 25.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
