दिल्ली में आज का मौसम (01 May 2026): दिल्ली में इस बार अप्रैल माह की शुरुआत और अंत दोनों बारिश के साथ हुई। इस महीने राजधानी में झमाझम बारिश दर्ज हुई। जिसकी वजह से इस साल अप्रैल में बारिश ने 16 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। दिल्ली में पिछले 24 घंटे में सामान्य से अधिक 27.9 मिमी बारिश दर्ज की गई। आंधी-बारिश के बाद दिल्ली में गर्मी से काफी राहत मिली है। यह राहत मई के शुरुआती दिनों में भी बनी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार मई के पहले सप्ताह में आंधी-बारिश होने का पूर्वानुमान है। जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। आज दिल्ली-NCR में कैसा मौसम रहेगा, आइए जानें।
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम (AI Image)
दिल्ली में 1 मई को कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में आज आंशिक तौर पर बादल छाए रहने की संभावना है। लेकिन बारिश के कोई आसार नहीं है। बादलों की आवाजाही के बीच दिन में तेज धूप निकली रहेगी, जिससे लोगों को गर्मी का एहसास होगा। इस दौरान दिल्ली का अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 2 मई को भी ऐसा ही मौसम रहेगा। हालांकि तेज धूप के कारण तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हो सकती है। 3 से 5 मई के बीच दिल्ली में फिर से आंधी-बारिश की संभावना जताई गई है।
दिल्ली में अप्रैल में हुई रिकॉर्डतोड़ बारिश
मौसम विभाग के अनुसार इस बार दिल्ली में पूरे अप्रैल में सिर्फ एक दिन ही हीटवेट दर्ज की गई। पिछले साल यह स्थिति तीन दिन दर्ज हुई थी। हालांकि इस बार बारिश के बाद गर्मी में अचानक बढ़ोत्तरी हुई। बीते सप्ताह राजधानी में दिन के साथ ही रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही थी, हालांकि इस सप्ताह बारिश के चलते मौसम ने करवट बदल ली है। गुरुवार को दिल्ली में सुबह से ही तेज धूप निकली रही, जिसने लोगों को दिन में भी गर्मी का एहसास कराया। दिन चढ़ने के साथ ही मौसम में अचानक बदलाव आ गया। करीब 3 बजे तक आसमान में काले बादल छा गए और धूल भरी तेज हवाएं चलने लगीं। जिसके बाद गरज-चमक के साथ आंधी भी आई और कहीं-कहीं ओले भी गिरे। हालांकि बारिश के बाद मौसम ठंडा हो गया।
