LIVE

Severe Heat Wave Updates: राजस्थान के फलोदी में 50 डिग्री पहुंचा पारा, मध्य प्रदेश में लू का रेड अलर्ट

हीटवेव अलर्ट
Heat Wave Delhi, Gurgaon, Noida, Ghaziabad, Faridabad, NCR Severe Heat Wave Alert Updates: राजस्थान में भीषण गर्मी का प्रकोप शनिवार को जारी रहा जहां फलोदी में अधिकतम तापमान 50 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, उत्तर भारत के अधिकतर इलाकों में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी। बढ़ती गर्मी और लू के बीच लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। मौसम विभाग ने राजस्थान, हरियाणा, मध्य प्रदेश, यूपी, दिल्ली जैसे विभिन्न राज्यों में लू का ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया है। अस्पतालों में लू लगने से बीमार पड़ने के मामले भी बढ़ते जा रहे हैं। मध्य प्रदेश में मौसम विभाग ने लू का रेड अलर्ट जारी किया है। इस बीच आपको बताएं विभिन्न शहरों में आज कैसा हैं मौसम के मिजाज-
May 26, 2024 | 05:22 PM IST

रेमल चक्रवात तूफान को लेकर मौसम विभाग की चेतावनी

मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल में रेमल चक्रवात तूफान की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार राज्यभर में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने कहा है कि रेमल तूफान के कारण पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के तटीय इलाकों में इसका असर देखने को मिलेगा।
May 26, 2024 | 05:20 PM IST

गर्मी से राहत पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है राजस्थान सरकार

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को कहा कि पूरा देश खासतौर से राजस्थान इस समय भीषण गर्मी से जूझ रहा है और राज्य सरकार प्रदेशवासियों को गर्मी से राहत पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। शर्मा रविवार सुबह जयपुर के सेंट्रल पार्क में सुबह की सैर पर पहुंचे और लोगों से बातचीत की। उन्होंने पार्क में घूमने आए लोगों से बातचीत में कहा, ‘‘बिजली और पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है। लोगों को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसलिए बिजली, जलदाय और चिकित्सा विभाग के अधिकारियों और कर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं।’’ शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ने पूरे प्रदेश में मौसमी बीमारियों और लू से बचाव और उपचार के पुख्ता इंतजाम किये हैं। इसके अलावा पशुओं और गायों के लिए दवा और पानी की भी व्यवस्था की गई है।
May 26, 2024 | 03:54 PM IST

तेलगांना में आंधी-बारिश के आसार

तेलगांना के कई जिलों में आंधी और बारिश होने के आसार हैं। मौसम केंद्र ने शनिवार को कहा कि अगले 48 घंटों में राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। इसके अलावा धूल भरी आंधी चलने के भी आसार हैं।
May 26, 2024 | 02:50 PM IST

राजस्थान में कब मिलेगी गर्मी से राहत

पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में 29 मई से और 30 मई से पश्चिमी राजस्थान के हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट देखने को मिल सकती है। वहीं जून के पहले सप्ताह में प्रदेश के ज्यादातर इलाको में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास दर्ज होने की आशंका है।
May 26, 2024 | 01:47 PM IST

दिल्ली में गर्मी का येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने दिल्ली में गर्मी के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। रविवार को यहां तापमान में और ज्यादा बढ़ोत्तरी देखने को मिल सकती है। आने वाले कुछ दिनों में यहां गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है।
May 26, 2024 | 12:32 PM IST

छह राज्यों के लिए हीटवेव का अलर्ट

मौसम विभाग ने शनिवार को छह राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। जिसमें दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र और जम्मू कश्मीर शामिल हैं। इन राज्यों में अगले सात दिनों तक भीषण गर्मी से राहत की कोई उम्मीद नहीं है।
May 26, 2024 | 11:18 AM IST

राजस्थान के फलोदी में 50 डिग्री पहुंचा पारा

राजस्थान में भीषण गर्मी का प्रकोप शनिवार को जारी रहा जहां, फलोदी में अधिकतम तापमान 50 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, शनिवार को राज्य में फलोदी 50 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म स्थान दर्ज किया गया। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 48.8 डिग्री, जैसलमेर में 48 डिग्री, बीकानेर में 47.2 डिग्री, चूरू में 47 डिग्री, जोधपुर में 46.9 डिग्री, गंगानगर में 46.5 डिग्री, कोटा में 46.3 डिग्री और राजधानी जयपुर में 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
May 26, 2024 | 10:21 AM IST

‘रेमल' चक्रवाती तूफान देर रात तक बांग्लादेश-पश्चिम बंगाल के तटों पर पहुंचेगा

चक्रवात ‘रेमल’ भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया है और इसके रविवार रात तक पश्चिम बंगाल के सागर द्वीप और बांग्लादेश के खेपुपारा के बीच पहुंचने की संभावना है। यह मॉनसून से पहले के सीजन में बंगाल की खाड़ी में आने वाला पहला चक्रवात है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा रविवार सुबह आठ बजे जारी अद्यतन जानकारी के अनुसार, उत्तरी बंगाल की खाड़ी के ऊपर ‘रेमल’ गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया है और खेपुपारा से लगभग 290 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व और सागर द्वीप से 270 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व में केंद्रित है।
May 26, 2024 | 09:23 AM IST

त्रिपुरा में बारिश का अलर्ट

जहां यूपी, बिहार और दिल्ली में गर्मी का कहर बरस रहा है। वहीं त्रिपुरा में मौसम विभाग ने 24 घंटों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
May 26, 2024 | 08:25 AM IST

बिहार में उमस वाली गर्मी

बिहार में बढ़ते तापमान के साथ उमस वाली गर्मी की शुरुआत हो गई है। वहीं लू की मार लोगों के लिए अलग मुसिबत है। ऐसे में लोग मानसून का इंतजार कर रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में मानसून 13 से 18 जून के बीत पहंचेंगा।
May 26, 2024 | 06:43 AM IST

एमपी में लू का रेड अलर्ट

मध्य प्रदेश के खरगोन, बड़वानी, नीमच राजगढ़ और रतलाम सहित कई इलाकों में मौसम विभाग ने लू का रेड अलर्ट जारी किया है। यहां के लोग गर्मी और लू की डबल मार झेल रहे हैं।
May 26, 2024 | 06:43 AM IST

हरियाणा के हिसार में गर्मी के चलते दो लोगों की मौत

हरियाणा में भी भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। यहां तापमान तेजी से बढ़ रहा है। हरियाणा की गर्मी और लू से लोग बेहाल हो रहे हैं। यहां पारा चढ़कर 47 डिग्री पहुंच गया है। अस्पतालों में लू लगने वाले मरीजों की संख्या भी बढ़ गई है।
May 26, 2024 | 06:43 AM IST

राजस्थान का फलोदी बना दुनिया का सबसे गर्म शहर

उत्तर भारत के अन्य राज्यों के जैसे राजस्थान भी आग की भट्टी बना हुआ है। राजस्थान के फलोदी में तापमान 50 डिग्री पार कर चुका है, जिसके कारण ये शहर दुनिया का सबसे गर्म शहर बन गया है। गर्मी के चलते यहां 7 लोगों की मौत हो गई है।
May 26, 2024 | 06:43 AM IST

शुष्क रहेगा पूर्वी और पश्चिमी यूपी का मौसम

यूपी में गर्मी का कहर बढ़ता जा रहा है। यहां आसमान आग उगल रहा है और लू के थपेड़ों से लोग जूझ रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 26 मई को पश्चिमी और पूर्वी यूपी का मौसम शुष्क बना रहने की संभावना है। इस दौरान यहां 25 से 35 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
May 26, 2024 | 06:43 AM IST

दिल्ली में हीटवेव का अलर्ट जारी

दिल्ली में गुरुवार को हवाओं के रूख बदलने के बाद यहां उमस वाली गर्मी की शुरुआत हो गई है। बढ़ते तापमान के साथ मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले दिनों में भी दिल्ली में लू की स्थिति बनी रहेगी। इसे ध्यान में रखते हुए लू का येलो अलर्ट जारी किया गया है।