Gurugram News: गुरुग्राम के दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे (NH8) पर आज यानी मंगलवार 18 अगस्त से यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) ने रामपुरा चौक फ्लाईओवर के नीचे से IMT मानेसर की ओर जाने वाली सर्विस रोड को आज सुबह 6 बजे से 15 अक्टूबर तक बंद कर दिया है। इस दौरान मानेसर, रामपुरा, नौरंगपुर और आसपास के सेक्टरों में आने-जाने वाले लोगों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना पड़ेगा।
गुरुग्राम में ट्रैफिक डायवर्जन लागू
हालांकि, GMDA ने पहले ही बता दिया था कि सड़क बंद करने का काम एक साथ पूरे हिस्से में नहीं किया जाएगा। ड्रेनेज निर्माण के लिए शुरुआत में करीब 200 मीटर हिस्से को बंद किया जाएगा और परियोजना आगे बढ़ने के साथ बंद क्षेत्र को चरणबद्ध तरीके से बढ़ाया जाएगा। लोगों को जानकारी देने के लिए मौके पर साइनबोर्ड भी लगाए गए हैं।
105 करोड़ रुपये की परियोजना
यह काम लगभग 105 करोड़ रुपये की मास्टर स्टॉर्मवॉटर ड्रेनेज परियोजना का हिस्सा है। इसके तहत NH8 और सेक्टर 76 से 80 के लिए कुल 18.3 किलोमीटर लंबा ड्रेनेज नेटवर्क तैयार किया जाना है। इसमें NH8 के साथ लगभग 4.5 किलोमीटर और सेक्टर 76-80 के बीच 13.8 किलोमीटर का नेटवर्क तैयार किया जाएगा।
इस ड्रेनेज सिस्टम के जरिए बारिश के पानी को गुरुत्वाकर्षण आधारित प्रवाह से सेंट्रल पेरिफरल रोड (CPR) और नॉर्थ पेरिफरल रोड पर मौजूद मास्टर ड्रेनों तक पहुंचाया जाएगा। सेक्टर 76-80 वाले हिस्से में अब तक लगभग 32 फीसद काम पूरा हो चुका है।
बारिश में जलभराव से मिलेगी राहत
NH8 के किनारे मौजूद सतही नालियों में पानी की निकासी का प्रभावी इंतजाम नहीं होने के कारण तेज बारिश के दौरान रामपुरा चौक, वाटिका चौक, और मानेसर सहित कई हिस्सों में जलभराव की समस्या सामने आती है। इससे एक्सप्रेसवे और आसपास की सड़कों पर भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बन जाती है।
GMDA के मुताबिक, मानसून और कांवड़ यात्रा के दौरान ट्रैफिक पुलिस की मंजूरी में देरी के कारण NH8 वाले हिस्से का काम शुरू नहीं हो पाया था। अब निर्माण चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जा रहा है। पूरी परियोजना 2028 तक पूरी होने का लक्ष्य रखा गया है। हालांकि, GMDA इसे निर्धारित समय से पहले पूरा करने की उम्मीद कर रहा है।
ये भी पढ़ें - Jammu Kashmir में रह रहे हैं 7656 रोहिंग्या और 504 बांग्लादेशी, पाकिस्तान बॉर्डर के पास मौजूदगी चिंताजनक
इन रूट पर रहेगा डायवर्जन
ट्रैफिक पुलिस ने ट्रैफिक के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए हैं। नौरंगपुर जाने वाले भारी वाहनों को खेड़की दौला टोल प्लाजा से पहले U-turn लेना होगा। इसके अलावा सदर्न पेरिफरल रोड और शिकोहपुर होते हुए NH8 का इस्तेमाल किया जा सकता है।
IMT मानसर से सेक्टर 85 जाने वाले वाहन रामपुरा से बाहर निकलेंगे, जबकि रामपुरा से जयपुर जाने वाले वाहन सेक्टर 85 की सर्विस रोड का इस्तेमाल कर खेड़की दौला से पहले U-turn लेंगे।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन का पालन करें, सड़क पर लगे साइनबोर्ड और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का ध्यान रखें और निर्माण अवधि के दौरान जल्दबाजी करने की बजाय ज्यादा समय लेकर यात्रा करें।
