Delhi Government Officer Reshuffle: दिल्ली सरकार ने हाल ही में एक बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत 72 वरिष्ठ अधिकारियों के ट्रांसफर और अतिरिक्त जिम्मेदारियों की घोषणा की है। इसमें IAS (AGMUT) कैडर के 36 अधिकारियों को विभिन्न विभागों में अतिरिक्त चार्ज या ट्रांसफर दिया गया। इसके साथ ही 36 DANICS (दिल्ली, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह सिविल सर्विस) अधिकारियों को भी अलग-अलग विभागों में तैनात किया गया। यह बदलाव शनिवार को सेवा विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत किया गया।
दिल्ली में 72 वरिष्ठ अधिकारियों को ट्रांसफर और अतिरिक्त चार्ज (सांकेतिक फोटो)
प्रमुख IAS अधिकारियों की तैनाती और अतिरिक्त चार्ज
दिल्ली सरकार ने कई वरिष्ठ IAS अधिकारियों के ट्रांसफर और अतिरिक्त जिम्मेदारियों की घोषणा की है। इसमें संतोष डी. वैद्य (IAS, 1998) को प्रिंसिपल सेक्रेटरी (होम) बनाया गया है और वे फाइनेंस, प्लानिंग और इंडस्ट्रीज का अतिरिक्त चार्ज भी संभालेंगे। वहीं, बिपुल पाठक (IAS, 1992), जो एडिशनल चीफ सेक्रेटरी (सोशल वेलफेयर) हैं, उन्हें SC/ST/OBC वेलफेयर डिपार्टमेंट का अतिरिक्त चार्ज सौंपा गया है।
स्वास्थ्य और कर विभाग में बदलाव
इसके साथ ही, दिल्ली अर्बन शेल्टर इम्प्रूवमेंट बोर्ड (DUSIB) के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर रूपेश कुमार ठाकुर (IAS, 2006) को सेक्रेटरी (हेल्थ एंड फैमिली वेलफेयर) बनाया गया है। वे निखिल कुमार (IAS, 2002) की जगह लेंगे, जिन्हें अब कमिश्नर (ट्रेड एंड टैक्स) का पद मिला है।
शिक्षा विभाग में किसे मिली जिम्मेदारी?
संजीव आहूजा, 2011 बैच के IAS अधिकारी, जिन्हें हाल ही में दिल्ली सरकार में शामिल किया गया है, उन्हें सेक्रेटरी (एजुकेशन) के रूप में तैनात किया गया है और इसके साथ ही हायर एजुकेशन और टेक्निकल एजुकेशन का अतिरिक्त चार्ज भी मिलेगा। पांडुरंग पोल (IAS, 2004), जो पहले एजुकेशन सेक्रेटरी थे, उन्हें अब जनरल एडमिनिस्ट्रेशन डिपार्टमेंट में शिफ्ट किया गया है और वे लेबर कमिश्नर का अतिरिक्त चार्ज भी संभालेंगे।
अन्य विभागों में बदलाव
अन्य विभागों की बात करें तो, नीरज सेमवाल (IAS, 2003), जो रेवेन्यू सेक्रेटरी और डिविजनल कमिश्नर हैं, उन्हें पावर डिपार्टमेंट का अतिरिक्त चार्ज सौंपा गया। पद्मा जायसवाल (IAS, 2003), पोस्टिंग का इंतजार कर रही हैं, उन्हें एडमिनिस्ट्रेटिव रिफॉर्म्स डिपार्टमेंट में स्पेशल सेक्रेटरी बनाया गया है। विजय बिधूड़ी (IAS, 2005), अर्बन डेवलपमेंट सेक्रेटरी, अब दिल्ली पॉल्यूशन कंट्रोल कमेटी (DPCC) का भी अतिरिक्त चार्ज संभालेंगे। यशपाल गर्ग (IAS, 2008) सेक्रेटरी प्लानिंग के रूप में काम करेंगे और लैंड एंड बिल्डिंग डिपार्टमेंट का अतिरिक्त चार्ज लेंगे।
जिला प्रशासन में नई जिम्मेदारियां
नई दिल्ली के डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट सनी कुमार सिंह (IAS, 2018) को स्पेशल सेक्रेटरी पावर का अतिरिक्त चार्ज दिया गया है। यह पद IAS अधिकारी रवि दाधीच के दिल्ली से ट्रांसफर होने के बाद खाली हुआ था। सलोनी राय (IAS, 2016) को दिल्ली सरकार में शामिल होने के बाद नॉर्थ दिल्ली का डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट बनाया जाएगा। पोस्टिंग का इंतजार कर रहे हरि कल्लिक्कट (IAS, 2018) को वेस्ट दिल्ली का डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट बनाया गया है। वहीं, विशाखा यादव (IAS, 2020), आउटर नॉर्थ दिल्ली की डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट का चार्ज संभालेंगी।
(इनपुट - पीटीआई)
