Delhi News: राजधानी दिल्ली में आज यानी गुरुवार 30 अप्रैल की सुबह बहुत ही दर्दनाक घटना सामने आई। दिल्ली के द्वारका सेक्टर 24 स्थित गोल्फ कोर्स में तीन बच्चों के डूबने की खबर सामने आई। पुलिस को सुबह 7.07 बजे सूचना मिली कि तालाब में तीन बच्चे डूब गए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
दिल्ली में द्वारका के गोल्फकोर्स तालाब में तीन बच्चों की डूबने से मौत
सूचना मिलने पर Dwarka सेक्टर-23 की टीम ने फायर ब्रिगेड की मदद से तीनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला। जब तक तीनों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला गया, तब तक काफी देर हो गई थी, तीनों की मौत हो चुकी थी।
तालाब में डूबे तीनों बच्चों की उम्र 8 से 10 साल के बीच बताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बच्चे तालाब के पास खेल रहे थे। तालाब के पास ही उनके कपड़े भी मिले हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह नहाने के लिए तालाब में उतरे थे, लेकिन हादसे का शिकार हो गए।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने गोल्फ कोर्स परिसर के अंदर एक तालाब में तीनों बच्चों को मृत पाया। दमकल विभाग के कर्मियों की मदद से शवों को बाहर निकाला गया।
पुलिस का कहना है कि वे बच्चों की पहचान करने और उनके परिवारों का पता लगाने के प्रयास कर रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, अब तक इलाके में मृतकों के विवरण से मेल खाती कोई गुमशुदगी की शिकायत भी नहीं मिली है। तीनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
ये भी पढ़ें - Delhi News : Accident के बाद बस के नीचे फंस गया युवक, Video में देखें लोगों ने कैसे बचाया
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल से सुबूत जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि बच्चों के डूबने की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
