Delhi Dehradun Expressway पर हुए गड्ढों को भरा गया, ट्रैफिक बहाल; ठेकेदार का प्रोजेक्ट मैनेजर सस्पेंड

दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे पर शामली के पास भारी बारिश के बाद सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए थे। वीडियो वायरल होने के बाद NHAI ने गड्ढे भरकर ट्रैफिक बहाल कर दिया है। मामले में ठेकेदार के प्रोजेक्ट मैनेजर को सस्पेंड कर दिया गया है।

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर बारिश के बाद सड़क धंसने का वीडियो कल यानी गुरुवार 2 जुलाई को खूब वायरल हुआ। प्रमुख विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने भी अपने सोशल मीडिया (X) हैंडल से उस वीडियो को शेयर किया था। कांग्रेस ने इस परियोजना में भ्रष्टाचार का भी आरोप लगाया था। तमाम मीडिया चैनलों के साथ ही हमने भी आपको इसके बारे में कल ही जानकारी दी थी। अब भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने इस पर सफाई दी है। NHAI ने X पर एक पोस्ट लिखकर बताया है कि दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर हुए गड्ढों को भर दिया गया है। मरम्मत का काम पूरा करके वहां नियमित तौर पर यातायात भी बहाल कर दिया गया है।

​दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर हुए गड्ढे भरे गए (फोटो - x.com/NHAI_Official)

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर हुए गड्ढे भरे गए (फोटो - x.com/NHAI_Official)

इसके साथ ही NHAI ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए परियोजना से जुड़े अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई भी शुरू कर दी है। NHAI के अनुसार, सड़क धंसने की घटना वहां बारिश का पानी जमा होने के कारण हुई। NHAI का कहना है कि संबंधित स्थान पर स्थायी क्रॉस-ड्रेनेज सिस्टम अभी तक चालू नहीं हो सका था, क्योंकि स्थानीय निवासियों के विरोध के चलते बैलेंसिंग कलवर्ट को ड्रेनेज नेटवर्क से जोड़ने की अनुमति नहीं मिल पाई। इसके अलावा, कलवर्ट के मुहाने का इस्तेमाल गाड़ियों की क्रॉसिंग के लिए किया जा रहा था, जिसके चलते प्रस्तावित जल निकासी व्यवस्था लागू नहीं हो पायी थी।

End of Feed