Delhi News: दिल्ली पुलिस की दक्षिण-पश्चिम जिला साइबर थाना पुलिस ने दिल्ली-NCR और उत्तर प्रदेश में एक्टिव अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस गैंग के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी जीवन बीमा पॉलिसी पर लोन दिलाने का झांसा देकर लोगों से ठगी करते थे। इस मामले में दिल्ली के एक व्यक्ति से 2 लाख, 76 हजार, 12 रुपये की ठगी की गई थी।
पुलिस की गिरफ्तार में साइबर ठगी के आरोपी
Delhi Police के मुताबिक, महावीर एन्क्लेव, पालम निवासी एक व्यक्ति ने 14 जुलाई 2020 को जीवन बीमा पॉलिसी खरीदी थी। आर्थिक परेशानी के चलते वह बाद में पॉलिसी की किस्तें जमा नहीं कर पाया। इसी दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने उससे संपर्क किया और पॉलिसी के बदले लोन दिलाने का प्रस्ताव दिया।
फर्जी मैसेज भेजकर बताया आपके खाते में जमा हो गए पैसे
आरोपियों ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर पीड़ित से प्रोसेसिंग फीस, फाइल चार्ज, निकासी शुल्क, जीएसटी और अन्य खर्चों के नाम पर कई बार पैसे जमा कराए। ठगों ने फर्जी संदेश भेजकर दावा किया कि उसके खाते में 41 लाख, 94 हजार, 659.83 रुपये जमा कर दिए गए हैं। इस रकम को जारी कराने के नाम पर भी उससे पैसे मांगे गए।
आरोपियों के झांसे में आकर पीड़ित ने अलग-अलग बैंक खातों में कुल 2 लाख, 76 हजार, 12 रुपये ट्रांसफर कर दिए। हालांकि, उसे न तो लोन मिला और न ही रकम वापस की गई। इसके बाद 9 जुलाई 2026 को साइबर थाने में ई-एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।
इस तरह एक खाते से दूसरे में गई ठगी की रकम
पुलिस ने बैंक खातों, वित्तीय लेनदेन और तकनीकी साक्ष्यों की जांच की। जांच में पता चला कि ठगी की रकम में से 2.10 लाख रुपये अंसार अहमद के बैंक खाते में पहुंचे थे। इसके बाद यह रकम तारिफ अनवर से जुड़े खातों के माध्यम से आगे भेजी गई।
तकनीकी निगरानी और वित्तीय लेनदेन के आधार पर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के लोनी से तारिफ अनवर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने साथियों अमित कुमार शर्मा और ओमेश्वर दयाल शर्मा के जरिए जीवन बीमा पॉलिसी धारकों का डेटा हासिल करता था। इसके बाद पॉलिसी पर लोन दिलाने का झांसा देकर लोगों को फोन करता था।
तारिफ अनवर बैंक अधिकारी बनकर करता था फोन
आगे की जांच में पुलिस ने अंसार अहमद, अमित कुमार शर्मा और ओमेश्वर दयाल शर्मा को भी दिल्ली-NCR और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में तारिफ अनवर (34) गाजियाबाद के लोनी का रहने वाला है। वह बैंक अधिकारी बनकर लोगों को फोन करता था और ठगी की रकम के लिए बैंक खातों की व्यवस्था करता था।
अंसार अहमद (47) दिल्ली के राजीव नगर, श्रीराम कॉलोनी का निवासी है। उसने कमीशन के बदले अपने बैंक खाते का इस्तेमाल ठगी की रकम मंगाने के लिए कराया। ओमेश्वर दयाल शर्मा (36) दिल्ली के न्यू उस्मानपुर का रहने वाला है। वह बीमा पॉलिसी धारकों का डेटा जुटाने और बीमा अधिकारी बनकर लोगों को झांसा देने में शामिल था।
अमित कुमार करता था फर्जी सिम का जुगाड़
अमित कुमार शर्मा (36) दिल्ली के करतार नगर का निवासी है। वह ओमेश्वर के साथ मिलकर पॉलिसी धारकों का डेटा और फर्जी सिम कार्ड जुटाता था। साथ ही बैंक अधिकारी बनकर लोगों को फोन करता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनमें ठगी से संबंधित चैट, बैंक खातों की जानकारी, लॉगिन क्रेडेंशियल और अन्य अहम डिजिटल सुबूत मिले हैं।
ये भी पढ़ें - सब कुछ उड़ाने पर आमादा अकवान, आंध्र तट पर देगा दस्तक
पुलिस के मुताबिक, चारों आरोपी संगठित गिरोह के रूप में काम कर रहे थे। गिरोह में लोगों का डेटा जुटाने, उन्हें फोन कर ठगी करने, फर्जी बैंक खातों की व्यवस्था करने और ठगी की रकम को अलग-अलग खातों में भेजने की जिम्मेदारी अलग-अलग सदस्यों को दी गई थी। मामले में आगे की जांच जारी है।
