दिल्ली (Delhi) में बैन चाइनीज मांझे ने एक बार फिर एक परिवार की खुशियां छीन लीं। यहां 26 साल के एक युवक की गले में चाइनीज मांझा (Chinese Manjha) फंसने से दर्दनाक मौत हो गई। युवक बाइक से अपने काम से घर लौट रहा था। इसी दौरान पतंग का एक खतरनाक धागा उसके गले में फंस गया। धागे से उसका गला बुरी तरह कट गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सबसे दुखद बात यह है कि युवक हाल ही में पिता बना था। उसका तीन महीने का मासूम बच्चा अब पिता के बिना रह जाएगा। मृतक की पहचान विकास सिंह के रूप में हुई है। वह एक रिपेयर सेंटर में काम करता था। सोमवार को वह रोज की तरह काम खत्म करके अपनी बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बारापुला के पास यह हादसा हुआ।
चाइनीज मांझे से युवक का गला कटा (AI Generated Image)
गले में फंसा चाइनीज मांझा, मौके पर हुई मौत
न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, विकास की बाइक चलाते समय अचानक एक पतंग का धागा उसके गले में फंस गया। यह चाइनीज मांझा दिल्ली में बैन है। मांझा इतना तेज और खतरनाक था कि उससे विकास का गला बुरी तरह कट गया। गले में गंभीर चोट लगने के कारण उसने बाइक से अपना नियंत्रण खो दिया और सड़क पर गिर पड़ा। पुलिस के मुताबिक, उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: तेजधार हथियारों से हमला कर प्रॉपर्टी कारोबारी की हत्या
पत्नी से फोन पर हुई थी आखिरी बात
विकास की पत्नी पिंकी ने बताया कि उन्होंने अपने पति से जल्दी घर आने के लिए कहा था। शाम करीब 7 बजे विकास ने उन्हें फोन किया और बताया कि उसे आने में देर हो रही है, लेकिन वह जल्द घर पहुंच जाएगा। उसने देर होने के लिए माफी भी मांगी और पत्नी से पूछा कि वह और उनका बेटा ठीक हैं या नहीं। इसके कुछ देर बाद रात करीब 8:15 बजे पिंकी को फोन आया कि उनके पति का एक्सीडेंट हो गया है। खबर मिलते ही वह ऑटो से घटनास्थल पर पहुंचीं। वहां का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए।
तीन महीने की बच्ची के सिर से उठा पिता का साया
विकास के ससुर उमेश सोनी ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही वह भी मौके पर पहुंचे। वहां उन्होंने अपने दामाद को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। पुलिसकर्मियों ने उन्हें बताया कि विकास के गले में चाइनीज मांझा फंस गया था, जिससे उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि विकास और पिंकी की शादी करीब दो साल पहले लव मैरिज के जरिए हुई थी। दोनों हाल ही में माता-पिता बने थे और अपनी छोटे से बच्चे के साथ बेहद खुश थे। उनका बेटा अभी सिर्फ तीन महीने का है। इस हादसे ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है।
