Delhi AQI: दिल्ली में सर्दी बढ़ने के साथ वायु प्रदूषण की समस्या लगातार गंभीर बनी हुई है। आज सुबह भी राजधानी के कई इलाकों में धुंध की चादर देखने को मिली। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, सुबह 7:05 बजे दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 246 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। इस बीच प्रदूषण को लेकर सामने आई एक नई रिपोर्ट ने चिंता बढ़ा दी है। दिल्ली में अब तक कुछ चुनिंदा इलाकों को सबसे ज्यादा प्रदूषित माना जाता रहा है, लेकिन अब प्रदूषण का केंद्र बदलता नजर आ रहा है। ITO, DTU और नॉर्थ कैंपस जैसे इलाके अब प्रदूषण के मामले में शीर्ष 10 में शामिल हो गए हैं।
दिल्ली में AQI 246 पर पहुंचा, सिरी फोर्ट में सबसे खराब हवा
सिरी फोर्ट में सबसे खराब रही हवा
CPCB के आंकड़ों के अनुसार, सिरी फोर्ट में सबसे ज्यादा 341 AQI दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में है। इसके बाद कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 338, NSUT जाफरपुर में 336 और ITO में 335 AQI रिकॉर्ड किया गया। तालकटोरा गार्डन में 326, पूसा में 322, बुराड़ी क्रॉसिंग में 318, चांदनी चौक में 316, NIH नरेला में 313, नॉर्थ कैंपस में 310 और DTU में 303 AQI दर्ज किया गया। इन सभी इलाकों में प्रदूषण का स्तर बहुत खराब श्रेणी में पहुंच गया।
दूसरी ओर, दिल्ली कैंट में सबसे कम 151 AQI रहा। IMD लोधी रोड में 182, मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में 185, बदरपुर में 188 और ओखला फेज-2 में 192 AQI दर्ज किया गया। इन इलाकों में हवा मध्यम श्रेणी में रही। मंगलवार सुबह राजधानी में हल्की धुंध भी छाई रही। CPCB के मुताबिक, PM2.5 दिल्ली में प्रमुख प्रदूषक बना हुआ है।
प्रदूषण के हॉटस्पॉट में हो रहा बदलाव
दिल्ली में प्रदूषण की समस्या के साथ अब सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों की सूची में भी बदलाव देखने को मिल रहा है। ऊर्जा एवं स्वच्छ वायु अनुसंधान केंद्र (CREA) के एक विश्लेषण में यह बात सामने आई है। इसमें पिछले छह सर्दी के मौसम यानी अक्टूबर से फरवरी के बीच अलग-अलग निगरानी केंद्रों पर PM2.5 की औसत सांद्रता की तुलना की गई।
विश्लेषण के मुताबिक, पिछले पांच सालों में सर्दियों के मौसम में लगातार छह स्थान सबसे ज्यादा प्रदूषित इलाकों की टॉप-10 सूची में शामिल रहे। हालांकि, इस बार ITO, DTU, पूसा (IITM), सोनिया विहार और नॉर्थ कैंपस जैसे निगरानी केंद्र भी इस सूची में जगह बना चुके हैं। इससे पता चलता है कि राजधानी में प्रदूषण का दायरा और उसका भौगोलिक पैटर्न बदल रहा है।
जहांगीरपुरी सबसे प्रदूषित, ITO तीसरे स्थान पर
CREA के विश्लेषण के अनुसार, 2026-27 के सर्दी के मौसम में 13 नवंबर तक के आंकड़ों के आधार पर जहांगीरपुरी सबसे प्रदूषित स्थान रहा। इसके बाद पंजाबी बाग दूसरे और ITO तीसरे नंबर आया। विवेक विहार चौथे, DTU पांचवें, रोहिणी छठे, पूसा सातवें, सोनिया विहार आठवें, नॉर्थ कैंपस नौवें और आरके पुरम दसवें स्थान पर है। विशेषज्ञों के मुताबिक, सर्दियों के दौरान प्रदूषण का स्तर बढ़ने के साथ इन इलाकों की रैंकिंग में बदलाव हो सकता है। इससे साफ है कि राजधानी में प्रदूषण के सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति बदल रही है।
