देहरादून : देहरादून के नंदा की चौकी के पास मंगलवार सुबह भारी बारिश के कारण पुल की एप्रोच रोड का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे स्थानीय आवागमन पूरी तरह ठप हो गया था। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
देहरादून नंदा की चौकी के पास पुल की क्षतिग्रस्त सड़क बहाल
मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों के बाद लोक निर्माण विभाग और जिला प्रशासन की टीम ने बिना देरी किए मौके पर मोर्चा संभाला। लगातार 12 घंटे तक चले राहत और मरम्मत अभियान के बाद शाम तक मार्ग को यातायात के लिए सुरक्षित रूप से खोल दिया गया। सड़क खुलते ही लोगों को राहत मिली और एम्बुलेंस जैसी आवश्यक सेवाएं फिर से सुचारु हो गईं।
निर्माण कार्य में लापरवाही करने वालों पर एक्शन की तैयारी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट कर दिया है कि आपदा राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने इस घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार से तत्काल स्पष्टीकरण तलब किया है। सीएम ने कहा है कि जांच में यदि मानकों के उल्लंघन या निर्माण कार्य में लापरवाही पाई जाती है, तो दोषियों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए तकनीकी सुरक्षा ऑडिट के भी निर्देश दिए हैं।
समय पर सड़क बहाल होने से स्थानीय नागरिकों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि सरकार की इस तत्परता ने बड़ी आपदा को टाल दिया है। इस त्वरित कार्रवाई को जनता ने धामी सरकार की 'संवेदनशील और जवाबदेह' कार्यशैली का उदाहरण बताया है।
चारधाम यात्रा दो दिन के लिए स्थगित
उत्तराखंड में भारी बारिश और यात्रा मार्गों पर कई जगह भूस्खलन होने के कारण मंगलवार को चारधाम यात्रा को दो दिन के लिए स्थगित कर दिया गया । गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप ने बताया कि चारधाम यात्रा मार्ग कई स्थानों पर भूस्खलन से अवरूद्ध होने तथा भारी वर्षा के अलर्ट के कारण यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत आज और कल के लिए चारधाम यात्रा स्थगित की गई है। उन्होंने कहा कि मौसम अनुकूल होने पर यात्रा पुनः प्रारंभ की जाएगी ।
