Delhi News: दिल्ली के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक, वेलकम मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-2 के ठीक नीचे और पुलिस बूथ से महज 10 मीटर की दूरी पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जहां चौबीस घंटे पुलिस की मौजूदगी रहती है, जहां हजारों लोगों की आवाजाही होती है, वहां आखिर एक व्यक्ति की मौत कैसे हो सकती है और इससे भी बड़ी बात यह कि इसकी किसी को भनक तक नहीं हुई।
दिल्ली में पुलिस बूथ से 10 मीटर दूर मिला शव (प्रतीकात्मक फोटो)
इलाके में लोगों की भीड़ जुटी
शव मिलने के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। बताया जा रहा है कि मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है और पुलिस की ओर से भी इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। घटना इसलिए भी गंभीर है क्योंकि शव किसी सुनसान जगह से नहीं, बल्कि एक बेहद व्यस्त सार्वजनिक स्थान से मिला है।
मौत के कारणों की जांच जारी
बता दें कि वेलकम मेट्रो स्टेशन के आसपास दिनभर यात्रियों की आवाजाही रहती है और पुलिस बूथ भी यहीं मौजूद है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर यह व्यक्ति कब यहां पहुंचा, उसकी मौत कैसे हुई और पुलिस को इसकी जानकारी समय रहते क्यों नहीं मिल सकी। फिलहाल पुलिस के मौत के कारणों की जांच कर रही है।
पुलिस चौकी से सिर्फ 10 मीटर की दूरी पर मिला शव
पुलिस चौकी से महज 10 मीटर की दूरी पर शव का मिलना कोई सामान्य घटना नहीं है। अगर राजधानी के व्यस्त इलाकों में पुलिस की मौजूदगी के बावजूद ऐसी घटनाएं सामने आती हैं, तो सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है। अब देखना होगा कि जांच में क्या सामने आता है और पुलिस इन सवालों का जवाब किस तरह देती है।
