अगर आप दिल्ली-एनसीआर में खासतौर पर ग्रेटर नोएडा वेस्ट और गाजियाबाद में रहते हैं तो आपके लिए खुशखबरी है। यहां गाजियाबाद से बुलंदशहर, अलीगढ़ की ओर जाने वाली जीटी रोड पर लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम से आपको जल्द ही राहत मिलने वाली है। गाजियाबाद में लालकुआं के पास जीटी रोड पर अक्सर जाम जैसी स्थिति बनी रहती है। लाखों यात्री यहां रोज जाम से जूझते हुए अपने-अपने गंतव्य की ओर जाते हैं। हिंदी दैनिक नवभारत टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) ने लालकुआं से दादरी (Dadri) तक 12 किमी लंबा 6 लेन का एलिवेटेड रोड बनाने की मंजूरी दे दी है।
दादरी से लाल कुआं तक बनेगा 12 किमी लंबा एलिवेटेड रोड
जीटी रोड का यह 6 लेन का 12 किमी लंबा एलिवेटेड सेक्शन गाजियाबाद में लाल कुआं और गौतमबुद्ध नगर जिले में दादरी को आपस में जोड़ेगा। इस परियोजना को लगभघ 2300 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जाएगा और अक्टूबर में इसके लिए टेंडर भी जारी कर दिए जाएंगे। इस 12 किमी लंबे एलिवेटेड सेक्शन के बन जाने से जीटी रोड के इस हिस्से में हर रोज लगने वाले लंबे ट्रैफिक जाम से लोगों को मुक्ति मिल जाएगी।
दादरी क्षेत्र में बस रहा न्यू नोएडा
बता दें कि दादरी के पास ही नोएडा अथॉरिटी 'न्यू नोएडा' नाम से एक नया शहर भी बसाने जा रही है। ऐसे में इस इलाके में ट्रैफिक और बढ़ने की संभावना है। इस रूट पर ट्रैफिक का दबाव काफी ज्यादा है और अभी से ही इसके समाधान के लिए सोचा नहीं गया तो भविष्य में समस्या विकराल रूप ले सकती है।
नितिन गडकरी ने की घोषणा
हिंदी दैनिक नवभारत टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इसकी घोषणा की है। उन्होंने 13 जुलाई को कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे के उद्घाटन समारोह के दौरान यह घोषणा की थी। मंच से गडकरी ने उत्तर प्रदेश में 50-60 हजार करोड़ रुपये की नई सड़क परियोजनाओं को मंजूरी देने की घोषणा की थी। इसी दौरान उन्होंने दादरी-लालकुआं 6 लेन के एलिविटेड रोड को मंजूरी मिलने की भी जानकारी दी थी।
इन शहरों को जोड़ती है जीटी रोड
बता दें कि जीटी रोड के इस हिस्से में बहुत ज्यादा ट्रैफिक रहता है। जबकि यही रोड गाजियाबाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा को बुलंदशहर, खुर्जा, अलीगढ़ आदि शहरों से जोड़ता है। इस रोड पर ट्रैफिक का दबाव बहुत ज्यादा होने के कारण अक्सर जाम जैसी स्थिति बनी रहती है। जीटी रोड के इस लालकुआं, बादलपुर और दादरी क्षेत्र से लंबी दूरी का ट्रैफिक गुजरता है, जो एलिवेटेड रोड बनने के बाद उससे गुजरेगा। स्थानीय लोग नीचे की सड़क का इस्तेमाल करेंगे। इससे लोगों का समय बचेगा और जाम से भी राहत मिलेगी। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर और आसपास विकसित हो रहे औद्योगिक क्षेत्रे को देखते हुए यह सड़क परियोजना बहुत अहम है।
