Delhi Weather: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज यानी सोमवार 20 जुलाई की सुबह हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हुई। इस बारिश ने पिछले कई दिनों से जारी भीषण उमस और गर्मी से लोगों को बड़ी राहत दी। राजधानी के कई इलाकों में सुबह से रुक-रुककर बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले दो दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक दिल्ली का अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। कल यानी रविवार 19 जुलाई को दिल्ली का अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा था। वहीं न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से चार डिग्री ज्यादा रहा। यही वजह थी कि बारिश से पहले राजधानी में तेज गर्मी और उमस का असर बना हुआ था।
उत्तर भारत के कई हिस्सों में बादल छाए रहने की उम्मीद
IMD का कहना है कि उत्तर भारत में मानसून की गतिविधियां एक बार फिर सक्रिय हो रही हैं। इसके चलते दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत के कई हिस्सों में बीच-बीच में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम स्तर की बारिश का दौर जारी रह सकता है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
ब्रेक के बाद मानसून ने फिर पकड़ी रफ्तार
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून एक लंबे ब्रेक के बाद फिर रफ्तार पकड़ रहा है। इसकी शुरुआत पूर्वोत्तर भारत से हो चुकी है और अब इसका प्रभाव पूर्वी, मध्य तथा उत्तर भारत तक तेजी से फैलने की संभावना है। कई राज्यों में गरज-चमक के साथ व्यापक बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का भी अनुमान है।
मानसून सीजन में 24 फीसद कम बारिश हुई
दरअसल, पिछले कुछ सप्ताह से देश के बड़े हिस्से में 'ब्रेक मानसून' की स्थिति बनी हुई थी। इस दौरान मानसूनी ट्रफ उत्तर की ओर खिसक जाने से मध्य भारत और गंगा के मैदानी क्षेत्रों में सामान्य से काफी कम बारिश हुई। आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, अब तक देश में 323.1 मिमी के सामान्य औसत के मुकाबले 244.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है, यानी वर्षा में 24 फीसद की कमी बनी हुई है।
अब बढ़ेंगी बारिश की गतिविधियां
मौसम विभाग का मानना है कि मानसून के दोबारा सक्रिय होने से दिल्ली सहित उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी, जिससे तापमान में और गिरावट आएगी तथा उमस भरे मौसम से राहत मिलेगी। हालांकि, विभाग ने लोगों को बारिश के दौरान जलभराव, ट्रैफिक जाम और आकाशीय बिजली जैसी परिस्थितियों को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह भी दी है।
