चक्रवाती तूफान मुरासु पहुंचा आंध्र तट, 120 kmph की रफ्तार से हवाएं, कई जिलों में भारी बारिश

Cyclone Murasu Update: प्रचंड चक्रवाती तूफान 'मुरासु' की 'आंख' ने आंध्र प्रदेश के तट को छू लिया है। नेल्लोर और नरसापुर (ओंगोल) के बीच लैंडफॉल की प्रक्रिया जारी है। सीएम चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रखा है।

Cyclone Murasu Update: प्रचंड चक्रवाती तूफान 'मुरासु' ने मंगलवार तड़के आंध्र प्रदेश के दक्षिणी तटीय इलाकों में दस्तक दे दी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, चक्रवात के अग्रिम हिस्से का 'वॉल क्लाउड' जमीनी हिस्से में प्रवेश कर चुका है और तूफान का मध्य भाग यानी उसकी 'आंख' आंध्र प्रदेश के तट को छू रही है। पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी से आगे बढ़ते हुए इस चक्रवात के ओंगोल के निकट कोथापट्टनम, नेल्लोर और नरसापुर के बीच तट को पार करने की प्रक्रिया लगातार जारी है। इस दौरान तटीय क्षेत्रों में 100 से 110 किमी प्रति घंटा और झोंकों के साथ 120 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से विनाशकारी हवाएं चल रही हैं।

cyclone murasu hit coast

आंध्र प्रदेश में तटीय इलाकों में घुसा चक्रवात (चित्र साभार: IMD)

डॉपलर रडार से रखी जा रही है 24 घंटे पैनी नजर

मौसम विभाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर ताजा अपडेट देते हुए बताया कि चक्रवात की गति और तीव्रता का पल-पल का हिसाब रखा जा रहा है। चेन्नई और मछलीपट्टनम में स्थित डॉपलर वेदर रडार (Doppler Weather Radars) की मदद से चक्रवात 'मुरासु' की लैंडफॉल प्रक्रिया पर लगातार 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। तटीय इलाकों में चक्रवात के असर से मध्यम से अत्यधिक भारी बारिश दर्ज की जा रही है। नेल्लोर में हल्की से मध्यम बूंदाबांदी जारी है, जबकि ओंगोल और आसपास के इलाकों में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हो रही है।

End of Feed