चक्रवाती तूफान ’अकवान’ के ओडिशा तट की ओर बढ़ने के मद्देनजर दक्षिण-पूर्व रेलवे ने एहतियात के तौर पर शुक्रवार को कम से कम 28 एक्सप्रेस ट्रेन को रद्द करने की घोषणा की है। इनमें से अधिकांश ट्रेन पुरी जाने वाली या इस धार्मिक नगरी से होकर गुजरने वाली हैं। यह चक्रवात शुक्रवार को आंध्र प्रदेश के नरसापुर और ओडिशा के पुरी के बीच तट से टकराने वाला है।
अकवान तूफान के कारण ट्रेनें रद्द (फोटो-AI)
दक्षिण पूर्व रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि गुरुवार को रवाना होने वाली शालीमार-पुरी एक्सप्रेस और भांजपुर-पुरी एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए बृहस्पतिवार और शुक्रवार को पश्चिम बंगाल, ओडिशा तथा झारखंड से संबंधित कई ट्रेन का परिचालन रद्द किया गया है।
ये ट्रेनें कैंसिल
रद्द की गई रेलगाड़ियों में भुवनेश्वर-विशाखापत्तनम वंदे भारत एक्सप्रेस (20841/20842), हावड़ा-पुरी वंदे भारत एक्सप्रेस (22895/22896), टाटानगर-ब्रह्मपुर वंदे भारत एक्सप्रेस (20891/20892) और पुरी-यशवंतपुर गरीब रथ एक्सप्रेस (22883/22884) शामिल हैं।
अधिकारी के अनुसार, शुक्रवार को हावड़ा-पुरी-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस भी रद्द रहेगी। शुक्रवार को रद्द की गई अन्य ट्रेनों में पुरी-भांजपुर एक्सप्रेस, बांगरीपोसी-पुरी-बांगरीपोसी एक्सप्रेस और ब्रह्मपुर-टाटानगर-ब्रह्मपुर एक्सप्रेस शामिल हैं। इसके अलावा ओडिशा और पड़ोसी राज्य झारखंड में रेलवे के इस जोन के अंतर्गत चलने वाली कई अन्य ट्रेन को भी रद्द कर दिया गया है।
पूर्व तट रेलवे ने यात्रियों को इन रेलगाड़ियों के रद्द होने की जानकारी रखने और उसी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी है।
क्या है 'अकवान' की स्थिति
आईएमडी ने अपने ताजा बुलेटिन में कहा कि बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य हिस्से में बना भीषण चक्रवाती तूफान ’अकवान’ पिछले छह घंटों के दौरान 15 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर की ओर बढ़ा। सुबह 8:30 बजे तक यह आंध्र प्रदेश के नरसापुर से लगभग 420 किलोमीटर पूर्व-दक्षिणपूर्व, कलिंगपट्टनम से 400 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व, ओडिशा के गोपालपुर से 490 किलोमीटर दक्षिण और पुरी से 550 किलोमीटर दक्षिण में केंद्रित था। जगतसिंहपुर, पुरी, गंजाम, गजपति और कंधमाल जिलों में ’रेड अलर्ट’ जारी किया है और भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। आईएमडी ने कहा कि फिलहाल दक्षिणी ओडिशा के तट पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही हैं, जिनके झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच रही है।
