'जिन लोगों ने इटावा के सामने पहचान का संकट खड़ा किया, आज उनके सामने...', अखिलेश के गढ़ में सीएम योगी का बड़ा बयान

इटावा में 604 करोड़ रुपये की 128 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश ने 2017 के बाद कानून-व्यवस्था, विकास और निवेश के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है।

CM Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को इटावा में समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने इटावा के सामने पहचान का संकट खड़ा किया था, आज उनके सामने खुद की पहचान का संकट खड़ा हो गया है। सीएम योगी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के गृह जिले इटावा में 604 करोड़ रुपये की लागत वाली 128 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही।

CM Yogi Adityanath Etawah

इटावा में विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के दौरान सीएम योगी

इटावा में पहचान का संकट नहीं

मुख्यमंत्री ने साल 2017 के बाद राज्य में हुए बदलावों का जिक्र करते हुए कहा, "अब उत्तर प्रदेश में पहचान का संकट नहीं है, इटावा में पहचान का संकट नहीं है। अब उपद्रव, अराजकता और गुंडागर्दी नहीं है।" उन्होंने कहा, "अब उत्तर प्रदेश में एक जिला-एक माफिया नहीं, बल्कि एक जिला-एक मेडिकल कॉलेज, एक जिला-एक उत्पाद और एक जिला-एक व्यंजन की पहचान है।" अब इटावा के नाम से कोई दहशत नहीं होती। इटावा के नौजवान के सामने पहचान का संकट नहीं है। प्रदेश और देश में कहीं भी जाने पर उसे वही सम्मान मिलता है, जो उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों के लोगों को मिलता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार ने यह अवसर उपलब्ध कराया है।"

End of Feed