CM Yogi Raebareli Visit: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को रायबरेली के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री आज सुबह करीब 10 बजे रायबरेली पहुंचेंगे। इस दौरान वह जिले के तीन विधानसभा क्षेत्रों के लिए 879 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो)
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर उतरेंगे, जिसके बाद कार से शहीद स्मारक रोड पहुंचेंगे। यहां वह करोड़ों रुपये की लागत से बनाए गए सभागार और पुस्तकालय का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद नेहरू नगर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और 1857 के प्रथम स्वाधीनता संग्राम के अमर नायक अवध केसरी राना बेनी माधव बख्श सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। राना बेनी माधव बख्श सिंह की 222वीं जयंती के मौके पर आयोजित भाव समर्पण समारोह में भी मुख्यमंत्री योगी शामिल होंगे। इसके बाद वह फिरोज गांधी कॉलेज के मैदान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।
624 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण
मुख्यमंत्री रायबरेली, बछरावां और हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्रों के लिए कुल 879 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इनमें करीब 624 करोड़ रुपये की 185 परियोजनाओं का लोकार्पण और लगभग 277 करोड़ रुपये की 162 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
इन परियोजनाओं में 36 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से महराजगंज-इन्हौना मार्ग का सुदृढ़ीकरण, 24 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पुलिस लाइन में जी प्लस-12 ट्रांजिट हॉस्टल का निर्माण और 21 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से कुंदनगंज व पश्चिमगांव-टेरा-अघौरा मार्ग का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण शामिल है। इसके अलावा शिवगढ़ विकासखंड के ओसाह और बेला-भेला में लगभग 24-24 करोड़ रुपये की लागत से मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालयों के निर्माण का शिलान्यास किया जाएगा।
आवासीय पट्टे और योजनाओं का लाभ
मुख्यमंत्री सपेरा समुदाय समेत अन्य आवास विहीन 60 से ज्यादा परिवारों को आवासीय पट्टे का भी वितरण करेंगे। इसके अलावा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के बैंक खातों में 19 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड, लैपटॉप, स्वीकृति पत्र और आवास की चाबी समेत अन्य सुविधाएं भी दी जाएंगी।
राना बेनी माधव की स्मृति में सभागार का उद्घाटन
राना बेनी माधव बख्श सिंह की 222वीं जयंती पर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री उनकी स्मृति में लगभग 21 करोड़ रुपये की लागत से तैयार सभागार का लोकार्पण करेंगे। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीद परिवारों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही ‘अवध केसरी स्मारिका’ का विमोचन भी किया जाएगा।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, भारी वाहनों पर रोक
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए हैं। डीएम सरनीत कौर ब्रोका और एसपी रवि कुमार ने रविवार को कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने हेलीपैड, मंच, पार्किंग, यातायात, बैरिकेडिंग, सुरक्षा और जनसुविधाओं की तैयारियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री के काफिले के आवागमन को देखते हुए शहर के कुछ हिस्सों में भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी।
