Lucknow News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को भारत और जापान के बीच गहरे होते सांस्कृतिक और शैक्षणिक संबंधों को नई दिशा दी। लखनऊ में आयोजित एक विशेष समागम में सीएम योगी ने जापान के यामानाशी प्रांत के गवर्नर कोटारो नागासाकी और वहां से आए हाई स्कूल व इंटरमीडिएट के 13 छात्र-छात्राओं का स्वागत किया। इस अवसर पर लखनऊ और जापान के छात्रों के बीच संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां सीएम योगी ने कहा कि जब भारत और जापान की ताकतें एकजुट होंगी, तो दोनों देशों के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के साथ-साथ वैश्विक स्तर पर नई संभावनाओं के द्वार खुलेंगे।
छात्रों से मिले सीएम
स्व-अनुशासन और युवा शक्ति का अद्भुत मेल
संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दोनों देशों की विशिष्ट खूबियों को रेखांकित किया। सीएम योगी ने कहा कि जापान की सबसे बड़ी ताकत उसकी कार्यसंस्कृति, स्व-अनुशासन, त्वरित निर्णय लेने की क्षमता, गुणवत्ता, टीम वर्क और नवाचार है। वहीं भारत की ताकत उसकी विशाल युवा शक्ति, प्रतिभा, सांस्कृतिक विविधता, सृजनात्मकता और सभी को साथ लेकर चलने की भावना है। उन्होंने कहा कि भारतीय बच्चों के लिए यह एक बेहतरीन मौका है कि वे जापानी अनुशासन, समयबद्धता (Punctuality) और टीम वर्क जैसी जीवन शैली को समझें।
जापानी छात्रों को बताया उत्तर प्रदेश का आध्यात्मिक व सांस्कृतिक वैभव
सीएम योगी ने 25 करोड़ की आबादी वाले उत्तर प्रदेश की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक धरोहर से जापानी दल को रूबरू कराया।उन्होंने बताया कि लखनऊ अवध क्षेत्र में आता है और यहां से कुछ ही दूरी पर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की पावन जन्मभूमि अयोध्या है। जापानी छात्रों द्वारा आगरा में ताजमहल देखने का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि यह ब्रज क्षेत्र का हिस्सा है, जहां भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मथुरा स्थित है। उन्होंने बताया कि छात्र दुनिया की सबसे प्राचीन नगरी वाराणसी का भ्रमण करेंगे, जहां पास ही स्थित सारनाथ में भगवान गौतम बुद्ध ने अपना पहला उपदेश दिया था।
मुख्यमंत्री ने याद दिलाया कि अगले वर्ष भारत और जापान के बीच राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे होने वाले हैं। ऐसे में यहां आए जापानी और भारतीय छात्र दोनों देशों के प्राचीन संबंधों को और प्रगाढ़ करने वाले "फ्यूचर एंबेसडर" के रूप में कार्य कर रहे हैं।
जापानी छात्रों ने 'नमस्ते' से की शुरुआत, सुनाया सांस्कृतिक गीत
कार्यक्रम का माहौल उस समय और भी आत्मीय हो गया जब जापान के एक छात्र ने अपने संबोधन की शुरुआत भारतीय परंपरा के अनुसार "नमस्ते" कहकर की और फिर जापानी भाषा में सीएम योगी का अभिनंदन किया। यामानाशी के गवर्नर कोटारो नागासाकी ने उत्तर प्रदेश सरकार के आतिथ्य के लिए आभार जताया और दोनों देशों के बीच व्यापारिक, शैक्षणिक व सांस्कृतिक क्षेत्रों में अपार संभावनाओं पर जोर दिया। जापानी छात्र-छात्राओं ने एक सुरीला जापानी गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया।
