देहरादून : उत्तराखंड सरकार ने कैबिनेट रुड़की नगर निगम क्षेत्र स्थित सुनहरा मार्ग चौक का नाम बदलकर ‘शहीद चौक’ करने को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (SDRF) के तहत 15वें वित्त आयोग की अवशेष धनराशि से 130 करोड़ रुपये जारी करने की स्वीकृति भी प्रदान की है। राज्य के प्रत्येक जिले को 10-10 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। इसमें 3 करोड़ रुपये राहत एवं बचाव कार्यों, 5 करोड़ रुपये पुनर्वास और पुनर्निर्माण, जबकि 2 करोड़ रुपये आपदा तैयारी और क्षमता विकास कार्यों पर खर्च किए जाएंगे।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
वित्तीय वर्ष 2026-27 का क्या है प्लान
वहीं, वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ‘नॉन-SDRF’ श्रेणी के अंतर्गत आपदा से क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों के पुनर्निर्माण हेतु 26 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। बजट में निर्धारित 39 करोड़ रुपये में से प्रत्येक जिलाधिकारी को उनके जिले के लिए 2-2 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जाएंगे। मुख्यमंत्री धामी ने राज्यभर में विभिन्न विकास परियोजनाओं और कुंभ मेला-2027 से जुड़े अहम कार्यों के लिए कुल 256 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति भी दी है।
कुंभ मेला-2027 के लिए बजट
कुंभ मेला-2027 के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग-58 से औद्योगिक क्षेत्र तक फोरलेन सड़क के नवीनीकरण के लिए 2.72 करोड़ रुपये, पथुलोक बैराज रोड के किलोमीटर 0.00 से 5.00 तक बीसी कार्यों के लिए 2.13 करोड़ रुपये और बहादराबाद-रोहालकी तिराहा से अलीपुर-सुक्रासा-पथरी अंबूवाला मार्ग के नवीनीकरण के लिए 1.36 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना को लेकर क्या बोले सीएम
इसके अतिरिक्त सीएम ने कहा कि जनसुरक्षा योजनाओं ने देश के करोड़ों परिवारों के जीवन में विश्वास, सुरक्षा और सम्मान का नया आधार स्थापित किया है। आज ही के दिन 11 वर्ष पूर्व शुरू की गई प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सुरक्षा कवच पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनी हैं। गांव से लेकर शहर तक, महिलाओं से लेकर युवा श्रमिकों तक, इन योजनाओं ने आर्थिक आत्मविश्वास को नई मजबूती दी है। बीते 11 वर्षों में जनसुरक्षा योजनाओं ने यही सिद्ध किया है कि संवेदनशील नेतृत्व और जनकल्याणकारी सोच से ही अंत्योदय का संकल्प साकार होता है।
