इंदौर : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संकल्प और जनसेवा के प्रति अटूट निष्ठा का परिचय देते हुए प्रतिकूल मौसम की परवाह किए बिना आलीराजपुर की यात्रा पूरी की। इंदौर से आलीराजपुर के चंद्रशेखर आजाद नगर (भाभरा) तक का सफर हेलीकॉप्टर के पायलट द्वारा खराब मौसम के कारण उड़ान भरने से मना करने के बाद भी नहीं रुका। सीएम डॉ. यादव ने पायलट की चेतावनी को दरकिनार करते हुए करीब तीन घंटे का लंबा सफर सड़क मार्ग से तय किया और अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि कोई भी विपरीत परिस्थिति उन्हें अपने आदिवासी भाई-बहनों से संवाद करने से नहीं रोक सकती।
आलीराजपुर में जनसभा को संबोधित करते सीएम मोहन यादव
आलीराजपुर में आयोजित 'बलराम कृषि महोत्सव' के दौरान मुख्यमंत्री ने विकास का नया अध्याय लिखते हुए कुल 356.89 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। इसमें 303.34 करोड़ रुपये के कार्यों का भूमि-पूजन और 53.55 करोड़ रुपये के कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इस दौरान उन्होंने कृषि, पशुपालन और सहकारिता विभाग द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। सीएम ने स्वसहायता समूह की महिलाओं को 2.10 करोड़ रुपये के ऋण वितरित किए और जैविक किसानों, मेधावी छात्रों तथा सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को सम्मानित किया।
90 हजार से अधिक गरीबों को पीएम आवास मिले
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय अंचल में आ रहे बदलावों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि झाबुआ, आलीराजपुर और मंडला जैसे जनजातीय क्षेत्र सरकार के लिए किसी तीर्थ से कम नहीं हैं। उन्होंने अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद सहित जीतू किराड़ और टंट्या मामा जैसे वीरों को नमन करते हुए कहा कि राज्य सरकार उनके बलिदान का सम्मान करने के लिए संकल्पित है। मुख्यमंत्री ने बताया कि आलीराजपुर में 90 हजार से अधिक गरीबों को पीएम आवास मिले हैं और 5 लाख 70 हजार से अधिक लोग नि:शुल्क अनाज का लाभ ले रहे हैं।
किसानों की समृद्धि पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषक कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए नई परियोजनाओं पर काम तेजी से चल रहा है। 1100 करोड़ रुपये की दही नर्मदा पाइप लाइन परियोजना लगभग तैयार है, जिसका लोकार्पण दीपावली के बाद किया जाएगा। इसके साथ ही गोपालन को बढ़ावा देने के लिए नई योजना शुरू की गई है, जिसमें डेयरी खोलने पर 10 लाख रुपये तक के अनुदान का प्रावधान है। सीएम ने घोषणा की कि अब किसानों को दिन के समय भी सिंचाई के लिए बिजली उपलब्ध कराई जाएगी।
आलीराजपुर के विकास के लिए मुख्यमंत्री ने कई बड़ी घोषणाएं भी कीं। उन्होंने भाभरा में अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद के नाम पर एक विशाल पार्क और रानी काजल माता लोक के निर्माण की घोषणा की। साथ ही, कन्या छात्रावासों की सुविधाओं में विस्तार और कोंडवा सिंचाई परियोजना के माध्यम से 70 हजार किसानों को लाभ पहुँचाने का वादा किया। अंत में, उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार द्वारा लाए गए समान नागरिक संहिता (यूसीसी) विधेयक में जनजातीय परंपराओं का पूरा सम्मान करते हुए उन्हें इस दायरे से बाहर रखा गया है, क्योंकि उनके लिए सभी धर्मों के नागरिक समान हैं।
