मध्यप्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले मेधावी विद्यार्थियों के लिए 19 सितंबर का दिन खास होने वाला है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव राजधानी भोपाल से मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के तहत 7,500 से अधिक पात्र विद्यार्थियों को ई-स्कूटी वितरित करेंगे। स्कूटी वितरण का ये कार्यक्रम सुबह 10 बजे भोपाल के शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शिवाजी नगर में आयोजित होगा।
मुख्यमंत्री मोहन यादव 19 सितंबर को देंगे बड़ी सौगात।
इस योजना का मकसद 12वीं कक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना और उनकी आगे की पढ़ाई को आसान बनाना है। ई-स्कूटी मिलने से विद्यार्थियों को कॉलेज आने-जाने में सुविधा होगी और उच्च शिक्षा हासिल करने में भी मदद मिलेगी।
70 फीसदी अंक और स्कूल में प्रथम आना जरूरी
मुख्यमंत्री स्कूटी योजना का लाभ उन विद्यार्थियों को मिलता है, जो शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल में नियमित विद्यार्थी के तौर पर पढ़ाई कर रहे हैं। इसके लिए 12वीं कक्षा में विद्यार्थी का प्रथम प्रयास में कम से कम 70 फीसदी अंक हासिल करना और अपने स्कूल में प्रथम स्थान प्राप्त करना जरूरी है। योजना में सभी संकायों के विद्यार्थियों को शामिल किया गया है।23 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों को मिल चुका लाभ
राज्य सरकार के मुताबिक, शिक्षण सत्र 2025-26 के लिए प्रदेश के 7,500 से अधिक पात्र विद्यार्थियों को ई-स्कूटी दी जाएगी। इससे पहले मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के तहत प्रदेश में 23,000 से ज्यादा विद्यार्थी लाभान्वित हो चुके हैं।
सरकार के अनुसार, योजना के संचालन पर अब तक करीब 246 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। सरकार का कहना है कि यह पहल सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उन्हें उच्च शिक्षा की राह में आने-जाने की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
