दुबई में गूंजेगा 'इन्वेस्ट एमपी-2026' का संदेश, कृषि, फूड प्रोसेसिंग, इंफ्रास्ट्रक्चर और एफडीआई के लिए खुल सकते हैं नए दरवाजे

Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश में निवेश और रोजगार के नए अवसरों की तलाश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दुबई दौरे पर जा रहे हैं। एआईएम कांग्रेस-2026 के मंच से वे दुनिया के बड़े निवेशकों और कंपनियों के सामने प्रदेश की औद्योगिक, कृषि और पर्यटन क्षमता पेश करेंगे। इस दौरे से राज्य में विदेशी निवेश बढ़ाने, किसानों को वैश्विक बाजार से जोड़ने और आगामी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 की जमीन तैयार करने पर जोर रहेगा।

Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश में निवेश, रोजगार और पर्यटन को नई गति देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 6 से 9 सितंबर तक दुबई दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे दुनिया के प्रमुख निवेश मंचों में शामिल एआईएम कांग्रेस-2026 (Annual Investment Meeting) में हिस्सा लेंगे और 'इन्वेस्ट एमपी-2026' के तहत वैश्विक निवेशकों के साथ संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री की यह यात्रा प्रदेश में बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित करने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर पैदा करने और राज्य की अंतरराष्ट्रीय पहचान मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। एआईएम कांग्रेस-2026 का आयोजन 7 से 9 सितंबर तक दुबई वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में किया जा रहा है। यह ऐसा वैश्विक मंच है, जहां विभिन्न देशों की सरकारों के प्रतिनिधि, निवेशक, सोवरिन वेल्थ फंड, फैमिली ऑफिस और बहुराष्ट्रीय कंपनियां एक साथ निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करती हैं। पिछले आयोजन में 181 देशों के लगभग 15,800 प्रतिनिधियों ने भाग लिया था। इस बार 180 से अधिक देशों के करीब 20,000 प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है।

CM Mohan Yadav

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

निवेशकों और कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें करेंगे सीएम यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को एआईएम कांग्रेस के अध्यक्ष और यूएई के विदेश व्यापार राज्य मंत्री डॉ. थानी बिन अहमद अल जेयूदी ने आमंत्रित किया है। दुबई यात्रा को आगामी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS)-2027, भोपाल की तैयारियों की शुरुआती कड़ी के रूप में भी देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री इस दौरान दुनिया के प्रमुख निवेशकों और कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ सीधी बैठकें करेंगे। यात्रा के दौरान आमंत्रण-आधारित 'टाइकून्स' कार्यक्रम में करीब 500 सोवरिन वेल्थ फंड, फैमिली ऑफिस और प्रमुख कारोबारी शामिल होंगे। इसके अलावा डीपी वर्ल्ड, वीएफएस ग्लोबल, ईएमएएआर, चोयथराम और शराफ ग्रुप केजीके जैसी कंपनियों के साथ बैठकें प्रस्तावित हैं। 'इन्वेस्ट इन मध्य प्रदेश' सत्र के जरिए प्रदेश में उपलब्ध निवेश अवसरों, औद्योगिक क्षमता और नीतिगत सुविधाओं को वैश्विक निवेशकों के सामने रखा जाएगा।

End of Feed