Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में शनिवार को अलग-अलग जगहों पर बिजली गिरने से चार लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले के बलौदा विकासखंड के महुदा गांव में शनिवार को बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई तथा तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
छत्तीसगढ़ में बिजली गिरने से 4 मौतें (प्रतीकात्मक फोटो)
अचानक बदला मौसम, शुरू हुई बारिश
अधिकारियों ने बताया कि शनिवार दोपहर बाद लगभग चार बजे महुदा गांव निवासी कुछ लोग अपने खेतों में काम करने गए थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए सभी पास में स्थित एक झोपड़ी में चले गए। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरने से वहां मौजूद छह लोग इसकी चपेट में आ गए।
लोगों की हुई मौके पर मौत
वहीं बलौदा थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा ने बताया कि हादसे में नरेश खैरवार, रामभरोस पटेल और तुलसीराम पटेल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अंजू पटेल, दुलारा बाई और बैसाखू गंभीर रूप से घायल हो गए। सिन्हा ने बताया कि सूचना मिलते ही घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।
पुलिस ने मामलों की जांच शुरू
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एक अन्य घटना में शनिवार को ही जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत सीमेंट कार्पोरेशन आफ इंडिया (सीसीआई) की सीमेंट फैक्टरी के करीब आकाशीय बिजली गिरने से 55 वर्षीय दूज राम जटवार की मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर मामलों की जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा मौसम विभाग (IMD) के द्वारा छत्तीसगढ़ में 24 सितंबर 2026 तक खराब मौसम और भारी बारिश रहने की चेतावनी जारी की गई है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह भी दी गई है।
