Chhatarpur News: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में नौगांव थाना परिसर में कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाने वाले 35 वर्षीय व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान लहेरा पुरवा निवासी राजकुमार कुशवाहा के रूप में हुई है। इस घटना के बाद परिजनों ने पुलिस पर जमीन विवाद से जुड़ी शिकायत पर समय रहते कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, राजकुमार का अपने बड़े भाई और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ पैतृक जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। 31 जुलाई को दोनों पक्षों की ओर से मिली शिकायतों के आधार पर पुलिस ने एहतियातन कार्रवाई की थी।
छतरपुर में थाने के अंदर जहरीला पदार्थ खाने से व्यक्ति की मौत (प्रतीकात्मक फोटो)
गाड़ी से निकाला पदार्थ
पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि एक अगस्त की शाम राजकुमार अपने बेटे और बेटी के साथ नौगांव थाने पहुंचे थे। पुलिस के मुताबिक, थाना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग में राजकुमार अपनी गाड़ी से कोई पदार्थ निकालकर खाते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस का दावा है कि इस दौरान उन्होंने किसी पुलिसकर्मी से संपर्क नहीं किया था। कुछ समय बाद राजकुमार की तबीयत बिगड़ गई। पुलिसकर्मी उसे तत्काल नौगांव अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए छतरपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया और बाद में झांसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया। इलाज के दौरान शनिवार और रविवार की दरमियानी रात उनकी मौत हो गई।
परिजनों ने लगाया पुलिस पर गंभीर आरोप
एसपी सकलेचा के अनुसार, घटना से जुड़े तथ्यों की जांच सीसीटीवी फुटेज, थाने के रोजनामचे और अन्य पुलिस रिकॉर्ड के आधार पर की जा रही है। मामले की जांच की जिम्मेदारी नौगांव एसडीओपी को सौंपी गई है। दूसरी ओर, राजकुमार की पत्नी चंदा कुशवाहा और बेटी रश्मि कुशवाहा ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि राजकुमार ने पैतृक जमीन पर कथित कब्जे की कोशिश, मारपीट और जान से मारने की धमकी को लेकर पुलिस में शिकायत की थी।
समय पर नहीं हुई कार्रवाई
परिजनों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनका दावा है कि इसी से परेशान होकर राजकुमार ने थाना परिसर में जहरीला पदार्थ (सल्फास) खा लिया। परिजनों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, थाना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने और यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
छतरपुर में एक अन्य थाने में भी महिला ने खाया जहरीला पदार्थ
वहीं छतरपुर जिले में ही एक अलग घटना में महाराजपुर थाना परिसर में 22 वर्षीय महिला द्वारा कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। अधिकारी ने बताया कि इस मामले की पृष्ठभूमि में दो प्रतिद्वंद्वी पक्षों के बीच कई मामलों को लेकर चल रहा विवाद बताया जा रहा है। थाना परिसर में महिला के जहरीला पदार्थ खाने की घटना की भी जांच शुरू कर दी गई है। खजुराहो के एसडीओपी को इस मामले की जांच सौंपी गई है। पुलिस थाना परिसर की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग समेत घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
