मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में गैंगरेप मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात के महज 12 घंटे के अंदर ही आरोपियों तक पहुंचकर उन्हें दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी और कार भी बरामद की है। एसपी रजत सकलेचा ने इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपियों ने बस स्टैंड क्षेत्र से एक नाबालिग लड़की को बंधक बनाकर गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया था।सागर आईजी ने आरोपियों की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
गैंगरेप मामले में तीन आरोपियों गिरफ्तार
पुलिस को बदहवास हालत में मिली नाबालिग
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 10 बजे बस स्टैंड क्षेत्र में एक नाबालिग को दो युवक जबरन स्कूटर पर बैठाकर अपने साथ ले गए थे। आरोपी उसे एक कमरे में लेकर गए, जहां उनका एक साथी पहले से ही मौजूद था। आरोपियों ने नाबालिग के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया, जिसके बाद उसे आधी रात को कार से बीच चौराहे पर छोड़ दिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस को शनिवार तड़के करीब 5:15 बजे पीड़िता बदहवास हालत में मिली। जिसके बाद इस मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। जिसमें दो युवक पीड़िता को जबरन स्कूटर पर बैठाते हुए नजर आए। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए 10 टीमों का गठन किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों पर 25 हजार रुपये का इनाम भी रखा। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग इलाकों में दबिश दी। जिसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जिनकी पहचान अरविंद कुशवाहा, रवि कुशवाहा और रविंद्र कुशवाहा के तौर पर हुई है। जिनमें से रवि और अरविंद मामा-भांजे हैं। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
