पंजाब के मुख्यमंत्री इन दिनों जापान दौरे पर हैं। दौरे के दूसरे दिन मुख्यमंत्री के प्रयासों से राज्य में 400 करोड़ रुपये के निवेश का रास्ता खुल गया है। जापान की अग्रणी कंपनी टॉपन स्पेशलिटी फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड (TSF) ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार के साथ समझौता किया। राज्य में औद्योगिक विकास को प्रोत्साहन देने के लिए 400 करोड़ रुपये के निवेश की इस योजना के लिए औपचारिक समझौता हो गया है।
CM भगवंत मान की पहल से पंजाब में होगा 400 करोड़ का निवेश (फोटो - x.com/BhagwantMann/)
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि टीएसएफ और इन्वेस्ट पंजाब ने राज्य में एक स्किल एक्सीलेंस सेंटर स्थापित करने के लिए साझेदारी और सहयोग पर सहमति जताई है। इससे हुनरमंद और अर्ध-हुनरमंद व्यक्तियों, कामगारों और युवाओं को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। सीएम ने कहा कि यह पहल उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कौशल विकास को बढ़ावा देने के साथ ही पंजाब में नए रोजगार के अवसर भी उत्पन्न करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सहयोग वर्तमान और उभरते उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप ट्रेनिंग देने पर आधारित होगा। उन्होंने बताया कि यह साझेदारी उन आधुनिक और तकनीकी कौशलों पर भी केंद्रित है जो आज सामान्यत: उपलब्ध नहीं हैं। समझौते के तहत उद्योग और वैश्विक मानकों के अनुसार प्रशिक्षण प्रमाणन भी उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह समझौता पंजाब और पूरे भारत में टीएसएफ तथा अन्य बड़े उद्योगों में अप्रेंटिसशिप और रोजगार अवसरों के नए रास्ते खोलेगा।
उद्योग की आवश्यकताओं के आधार पर टीएसएफ वित्तीय सहायता, तकनीकी जानकारी, ट्रेनिंग हेल्प और पाठ्यक्रम निर्माण में भी मदद करेगा। सीएम भगवंत मान ने बताया कि राज्य सरकार के प्रयासों के कारण टीएसएफ ने लगभग 400 करोड़ रुपये के निवेश से पंजाब में अपनी मौजूदा विनिर्माण सुविधा का विस्तार करने की औपचारिक इच्छा व्यक्त की है।
मान ने कहा कि इस निवेश का उद्देश्य उत्पादन क्षमता बढ़ाना, नए रोजगार सृजन, उन्नत तकनीक को शामिल करना और भारत में कंपनी की दीर्घकालिक उपस्थिति को मजबूत करना है। टीएसएफ ने पंजाब के प्रति अपनी लंबी अवधि की प्रतिबद्धता दोहराई है। मान ने कंपनी को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया। टीएसएफ समूह का कहना है कि प्रस्तावित विस्तार परियोजना के माध्यम से यह साझेदारी और मजबूत होगी। उन्होंने आवश्यक स्वीकृतियों और संचालन प्रक्रियाओं को सरल बनाने में पंजाब सरकार और इन्वेस्ट पंजाब से निरंतर सहयोग की उम्मीद जताई।
