हरियाणा के रोहतक में रहने वाले 16 साल का राष्ट्रीय स्तर का बास्केटबॉल खिलाड़ी हार्दिक की अचानक मौत की खबर से हर कोई हैरान है। उज्ज्वल भविष्य के सपनों के साथ रोज की तरह कल यानी मंगलवार 25 नवंबर को भी हार्दिक प्रैक्टिस करने पहुंचा। यहां के लाखन माजरा स्थित कोर्ट में वह अकेले ही अपने स्किल्स को निखारने के लिए मेहनत कर रहा था। इसी दौरान बास्केटबॉल का पोल उसके ऊपर गिर गया, जिसके कारण हार्दिक की मौत हो गई। वहां लगे सीसीटीवी में यह पूरी घटना कैद हुई है। कमजोर दिल वाले इस वीडियो को कतई न देखें।
रोहतक में बास्केटबॉल खिलाड़ी हार्दिक की हादसे में मौत
सीसीटीवी वीडियो में साफ दिख रहा है कि हार्दिक तीन प्वाइंट लाइन से दौड़ते हुए छलांग लगाते हैं और बास्केट को छूते हैं। पहली बार में तो वह यह मूव आसानी से कर लेते हैं। लेकिन दूसरी बार जब वह फिर से रिम पकड़ते हैं, तो हादसा हो जाता है। जर्जर और ढीली नींव पर टिका बास्केटबॉल पोल अचानक उखड़कर उसके सीने पर गिर जाता है। बास्केटबॉल पोल का पूरा वजन हार्दिक के सीने पर पड़ता है और हार्दिक उसके नीचे दब जाता है।
सीसीटीवी फुटेज में देख सकते हैं कि कुछ ही सेकंड बाद उसके कुछ दोस्त दौड़कर आते हैं और पोल हटाकर, हार्दिक को बाहर निकालते हैं। लेकिन जब तक हार्दिक के दोस्त उसे पोल के नीचे से निकालते हैं, तब तक देर हो चुकी होती है। बता दें कि हार्दिक ने हाल ही में राष्ट्रीय टीम के जगह बनाई थी और अब उनकी मृत्यु की दुखत खबर से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।
हार्दिक के पिता संदीप राठी ने हार्दिक और उसके छोटे भाई को पास के क्लब में दाखिला कराया था, ताकि वे बेहतर ट्रेनिंग ले सकें। पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शब परिजनों को सौंप दिया। इससे पहले हरियाणा के ही बहादुरगढ़ में भी एक ऐसी ही घटना रविवार 23 नवंबर को हुई थी। 15 वर्षीय खिलाड़ी अमन की भी इसी तरह की दुर्घटना में मौत हो गई। प्रैक्टिस के दौरान पोल गिरने से अमन को गंभीर आंतरिक चोटें आईं और PGIMS रोहतक में उसकी मृत्यु हो गई। परिवार ने अस्पताल पर लापरवाही के आरोप भी लगाए हैं।
हरियाणा और देश के दो होनहार युवा खिलाड़ियों की इस तरह लगातार हादसे में मौतों ने हरियाणा की खेल व्यवस्था और स्टेडियमों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से जब इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मुझे अभी इस मामले की जानकारी नहीं है, आपने ही मुझे बताया है। मैं इस मामले पर जानकारी लूंगा उसके बाद ही कुछ कहूंगा। उधर हरियाणा के कैबिनेट मंत्री एवं हरियाणा ओलम्पिक संघ के महासचिव कृष्ण लाल पंवार ने बॉस्केट बॉल खिलाड़ी की मौत पर कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है, मेरे संज्ञान में आई है, स्पोर्ट्स विभाग और एजुकेशन डिपार्टमेंट को पत्र लिखेंगे।
बास्केटबाल खिलाड़ी अमन की मौत के मामले में हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा का बयान सामने आया है। उन्होंने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि हमारे होनहार खिलाड़ियों का इस तरीके से आकस्मिक जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि बाकी चीजें जांच का विषय हैं।
इस हादसे पर खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने बड़ा एक्शन लिया है। उन्होंने इस मामले में जिला खेल अधिकारी को सस्पेंड कर दिया है। इसके अलावा बास्केटबॉल नर्सरी को भी निलंबित कर दिया गया है। यही नहीं खेल राज्य मंत्री ने 28 नवंबर को ताऊ देवीलाल स्टेडियम में हाई लेवल बैठक बुलाई गई है। वरिष्ठ अधिकारियों सहित सभी जिला अधिकारियों को भी इस बैठक में बुलाया गया है।
कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने इस मामले को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट किया है। जिसमें उन्होंने कहा कि हार्दिक की मौत एक हादसा नहीं, भाजपा सरकार के सिस्टम द्वारा की गई एक हत्या है।
कांग्रेस नेता और सांसद दीपिंदर हुडा ने इस संबंध में कहा, आत्मा को झकझोरने वाला मामले सामने आया है। रोहतक का बास्केटबॉल प्लेयर जो देश के झंडे को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ले कर जाये। ये हादसा सरकार और सिस्टम की वजह से हुआ है, ये मौजूदा सरकार की लापरवाही और अपराध को दिखता है। हमने अपना भाई खोया। 481 स्टेडियम बनाये गए थे हमारी सरकार के वक्त। लेकिन पिछले 11 साल से स्टेडियम नहीं बना और कोई रख रखाव नही किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मेरे सांसद निधि कोटे के पैसे को भी सरकार अटका कर रखा हुआ है, सरकार खुद स्टेडियम का रखरखाव नहीं कर रही है, लेकिन मैं सांसद निधि से मदद करना चाहता हूं, वो भी सरकार होने नहीं दे रही।
