Punjab News: पंजाब पुलिस ने एक अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है और एक करोड़ रुपये से अधिक की नकदी भी बरामद की है। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने रविवार को बताया कि आरोपी विदेश में रह रहे दो मादक पदार्थ तस्करों के लिए काम कर रहे थे।
पुलिस ने दो आरोपी गिरफ्तार किए (सांकेतिक फोटो)
खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई
पुलिस महानिदेशक ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पंजाब पुलिस ने खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ किया है और उनके पास से मादक पदार्थ से जुड़ी एक करोड़ रुपये की राशि भी बरामद की है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘विदेश में रह रहे मादक पदार्थ तस्करों-गुरजंट सिंह भोलू और किंदरबीर सिंह उर्फ सनी दयाल के दो गुर्गों को गिरफ्तार किया गया है।’’
ये भी पढ़ें - Mirzapur Accident News: मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसा, मालवाहक वाहन और बस की टक्कर; हादसे में तीन की मौत और 6 घायल
पैसे गिनने की मशीन भी बरामद
गौरव यादव ने बताया कि अमृतसर के राज्य विशेष अभियान प्रकोष्ठ ने संगठित अपराध गिरोह चलाने के आरोप में विदेशी आकाओं और उनके दो गुर्गों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उन्होंने कहा, ‘‘आरोपियों के पास से मादक पदार्थ से संबंधित 1.07 करोड़ रुपये, पैसा गिनने की एक मशीन, एक कार और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।’’
इनपुट- भाषा
