Chandigarh mayor election: चंडीगढ़ मेयर पद का चुनाव स्थगित हो गया है। मेयर चुनाव की प्रक्रिया सुबह 11 बजे शुरू होनी थी लेकिन चुनाव अधिकारी अनिल मसीह के बीमार पड़ने की वजह से चुनाव टाल दिया गया। अधिकारी के बीमार पड़ने और चुनाव टालने की जानकारी पार्षदों को वॉट्सऐप पर दी गई। चुनाव टलने की जानकारी मिलते ही निगम दफ्तर के बाहर कांग्रेस और आप के पार्षदों और समर्थकों ने जमकर हंगामा किया। बाद में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पार्षद निगम कार्यालय के बाहर से रवाना हो गए। गठबंधन के पार्षदों को निगम कार्यालय में प्रवेश नहीं दिया गया।
चंडीगढ़ मेयर चुनाव 2024।
भाजपा चुनाव हार रही है-चड्ढा
चुनाव टालने पर आप के सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि हमने और कांग्रेस ने हाई कोर्ट जाने का फैसला किया है। हम चाहते हैं कि चुनाव कराया जाए। यह साफ है कि 'इंडी' ब्लॉक यह चुनाव जीत रहा है और भाजपा हार रही है। हमारे गठबंधन से भाजपा डर गई है। चड्ढा ने इसी से दूसरा पिठासीन अधिकारी नियुक्त करने की अपील की। चड्ढा ने कहा कि 'स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव एवं लोकतंत्र को खत्म करने के लिए भाजपा कुछ भी कर सकती है।'
बंसल ने भाजपा पर बोला हमला
कांग्रेस नेता पवन कुमार बंसल ने कहा कि उन्हें चंडीगढ़ मेयर पद का चुनाव टलने की सूचना मिली। जानकारी मिली है कि बीमारी के नाम पर भाजपा ने चुनाव अधिकारी को अस्पताल में भर्ती करा दिया है। भाजपा ने पूरी तरह से अलोकतांत्रिक काम किया है।
