Chandigarh: चंडीगढ़ व आसपास के क्षेत्र में आपराधिक घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। अब कार लूट की एक घटना मोहाली के सेक्टर-88 स्थित पूरब अपार्टमेंट के पास से सामने आई है। बीती रात करीब दो बजे हथियारबंद बेखौफ बदमाशों ने एक कार लूट ली। कार चालक ने जब लूट का विरोध करने की कोशिश की तो बदमाशों ने हथियार निकालकर हवाई फायरिंग की और कार लेकर फरार हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची मोहाली पुलिस ने छानबीन शुरू की तो यह गाड़ी वीरवार सुबह सरहिंद के पास लावारिस हालत में मिली। पुलिस को आशंका है कि कहीं कार का प्रयोग किसी आपराधिक वारदात में तो नहीं किया गया।
गन प्वाइंट पर बदमाशों ने लूटी कार
पुलिस को दी शिकायत में लूट के शिकार अरशद ने बताया कि वह हीरो होम्स सोसायटी में रहते हैं। देर रात वे हिमाचल घूमने जा रहे थे, इसलिए उन्होंने ऑनलाइन कार कंपनी से एक कार रेंट पर ली थी। अरशद ने बताया कि रात करीब दो बजे वो जैसे ही कार लेकर सोसायटी से बाहर निकले कुछ दूरी पर लग्जरी कार से आए चार युवकों ने उसकी गाड़ी रोक ली। पीड़ित ने बताया कि युवकों ने पिस्टल निकालकर उस पर तान दी और कार से बाहर निकलने को बोला। अरशद ने जब इसका विरोध किया तो बदमाशों ने हवाई फायर की और उसे ड्राइवर सीट से खींच कर बाहर निकाल दिया।
