Chandigarh: कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर चंडीगढ़ का स्वास्थ्य विभाग अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है। बीते शुक्रवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया की तरफ से आयोजित बैठक में भाग लेने के बाद चंडीगढ़ प्रशासन की तरफ से कई बड़ी पहल की गई है। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से सभी अस्पतालों को निर्देश दिया गया है कि वे 27 दिसंबर को कोरोना मॉक ड्रिल के लिए तैयारी करें। इस ड्रिल में कोरोना के इलाज से जुड़ी सभी मशीनों को चेक किया जाएगा। जैसे- ऑक्सीजन प्लांट, आईसीयू, वेंटीलेटर व हेल्प डेस्क की सुविधाएं आदि। इसके अलावा मॉक ड्रिल में कोरोना से संबंधित अन्य तैयारियों का भी जायजा लिया जाएगा।
सभी स्वास्थ्य केंद्र में अब बनेंगे फ्लू कॉर्नर
चंडीगढ़ स्वास्थ्य विभाग अधिकारियों के अनुसार, नए साल से पहले शहर के सभी अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्र में एक फ्लू कॉर्नर बनाया जाएगा। इसके लिए सभी जगह पर आरटी - पीसीआर मशीनें भेजी गई हैं। यहां पर फिर फ्लू से पीड़ित मरीजों का कोरोना चेकअप किया जाएगा। जांच में अगर कोई मरीज कोरोना पॉजिटिव मिलता है तो उसके सैंपल को जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजा दिया जाएगा। इसके अलावा आम लोगों को कोरोना की गाइडलाइन को पूरी तरह से फॉलो करने को कहा गया है। जिससे इस संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
स्वास्थ्य विभाग का वैक्सीनेशन पर ज्यादा जोर
कोरोना को फैलने से रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग वैक्सीनेशन पर ज्यादा फोकस कर रहा है। चंडीगढ़ में 100 फीसदी बूस्टर डोज के लिए विभाग की तरफ से विशेष अभियान चलाया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान के दौरान स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर लोगों को वैक्सीन की बूस्टर डोज लगाएंगे। अधिकारियों के अनुसार चंडीगढ़ में करीब 7% लोगों ने किसी कारणवश वैक्सीन की दूसरी डोज नहीं ली है, जबकि ऐसे लोगों की संख्या बहुत ज्यादा है जिन्होंने बूस्टर डोज नहीं लिया है। इन सभी लोगों को अब स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर वैक्सीन लगाएंगे। स्वास्थ्य अधिकारियों ने लोगों से वैक्सीन लगाने की अपील करते हुए कहा कि, जब प्रशासन इलाज से लेकर वैक्सीन तक सब कुछ लोगों को फ्री में मुहैया करवा रहा है, तो आम लोगों को भी प्रशासन का सहयोग कर इस वायरस को रोकने में मदद करनी चाहिए।
