Chandigarh: चंडीगढ़ जा रहे तो इन तारीखों का रखें ध्‍यान, फंस सकते हैं जाम में, जानें कारण

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 8, 2023, 09:54 PM IST

Chandigarh: अगर आप चंडीगढ़ से कहीं जाने का या चंडीगढ़ आने का प्‍लान बना रहे हैं तो इस महीने की कुछ तारीखों को आपको भीषण जाम का सामना कर पड़ सकता है। विभिन्‍न मांगों को लेकर किसान 11 जनवरी को टोल प्‍लाजा पर प्रदर्शन करेंगे, वहीं 17 जनवरी को किसान एक हजार ट्रैक्‍टर-ट्रॉली में सवार होकर चंडीगढ़ पहुंचेंगे। इसके अलावा 29 जनवरी को ट्रेन रोकेंगे।

KEY HIGHLIGHTS
  • विभिन्‍न मांगों को लेकर किसान यूनियन करेंगी प्रदर्शन
  • 11 जनवरी को सड़क तो 29 जनवरी को ट्रेनों पर लग सकता है ब्रेक
  • 17 जनवरी को पूरा चंडीगढ़ शहर हो सकता है जाम

Chandigarh: अगर आप चंडीगढ़ से कहीं जाने का या चंडीगढ़ आने का प्‍लान बना रहे हैं तो यह खबर आपके लिए ही है। इस माह की कुछ तारीखों को चंडीगढ़ आने-जाने वाले लोगों को भीषण जाम का सामना करना पड़ सकता है। दरअसल, पंजाब के किसान अपनी विभिन्‍न मांगों को लेकर पंजाब सरकार के साथ मीटिंग करना चाहते थे, लेकिन राज्‍य सरकार ने इससे इंकार कर दिया। जिसके बाद किसान यूनियनों ने भी धरना प्रदर्शन और रोड जाम का एलान कर दिया है। इस संबंध में किसान मजदूर संघर्ष कमेटी ने चंडीगढ़ में एक बैठक कर अपना पूरा शेड्यूल जारी किया है।

Farmers protest in Chandigarh

चंडीगढ़ में होता किसानों का एक प्रदर्शन (फाइल फोटो)

किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के अनुसार, 11 जनवरी को पंजाब के सभी 18 टोल प्लाजा को फ्री करा दिया जाएगा। इसमें एक टोल प्‍लाजा दिल्‍ली-चंडीगढ़ हाईवे पर भी स्थित है। ऐसे में माना जा रहा है कि, किसानों की तरफ से टोल प्‍लाजा फ्री कराने की कोशिश और पुलिस की तरफ से इन्‍हें रोकने की कोशिश के बीच चंडीगढ़ आने-जाने वाले लोगों को भीषण जाम में फंसना होगा। किसानों के अनुसार, इसके बाद 26 जनवरी को जिला स्तरीय रैलियां निकाली जाएंगी और 29 जनवरी को पूरे पंजाब में रेल चक्का जाम किया जाएगा। किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के महासचिव सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि, हम किसान बीते 44 दिनों से धरने पर बैठे हैं, लेकिन सरकार हमारी मांगे नहीं मान रही, इसलिए अब हम भी सख्‍त रवैया दिखाने को मजबूर हैं।

End of Feed