Chandigarh: चंडीगढ़ शहर के हजारों एथलीट्स के लिए अच्छी खबर है। अब इन्हें कच्चे ट्रैक या फिर सड़कों पर नहीं दौड़ना पड़ेगा। उड़न सिख मिल्का सिंह की तरह इंटरनेशनल एथलीट्स बनने के अपने सपनों को हकीकत में बदलने के लिए ये सभी जल्द ही सिंथेटिक ट्रैक पर दौड़ लगा सकेंगे। क्योंकि शहर के सेक्टर-7 स्थित स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में पहले सिंथेटिक ट्रैक निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इस ट्रैक का निर्माण कार्य अप्रैल माह तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके बाद एथलीट्स इस पर दौड़ लगा सकेंगे। इसकी सबसे खास बात यह है कि, यह सिंथेटिक ट्रैक इंटरनेशनल मानक के अनुसार, 400 मीटर और आठ लेन का होगा।
चंडीगढ़ स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण शुरू
इस सिंथेटिक ट्रैक को बिछाने का ठेका दिल्ली की एक कंपनी को 6.50 करोड़ रुपये में मिला है। इस कंपनी के इंजीनियर रचित चौधरी ने बताया कि, यह सिंथेटिक ट्रैक पांच लेयर में बनेगा। यह कंपनी इससे पहले पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम समेत देशभर के कई स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक बना चुकी है। सिंथेटिक ट्रैक निर्माण के लिए इस कंपनी के दर्जनों प्रशिक्षित कर्मचारियों की टीम दिन रात काम कर रही है। बता दें कि, चंडीगढ़ वर्ल्ड क्लास सिटी होने के बाद भी यहां अभी तक एक भी सिंथेटिक ट्रैक नहीं है। जिसकी वजह से शहर के खिलाड़ियों को मजबूरन कच्चे ट्रैक पर दौड़ लगानी पड़ती था। बारिश के मौसम में ट्रैक पर पानी और कीचड़ होने के कारण इन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। जिसकी वजह से कई माह प्रैक्टिस नहीं कर पाते और दूसरे राज्य के खिलाड़ियों से पीछे रह जाते।
सभी खिलाड़ियों को होगा फायदा
बता दें कि, उड़न सिख कहे जाने वाले पदमश्री मिल्खासिंह ने अपने शहर चंडीगढ़ में सिंथेटिक ट्रैक बनाने का सपना देखा था। मिल्खा सिंह को इस बात का अफसोस था कि, उनके शहर में सिंथेटिक ट्रैक नहीं है, जबकि सभी नेशनल और इंटरनेशनल टूर्नामेंट सिंथेटिक ट्रैक पर ही होते हैं। उन्होंने कई बार सार्वजनिक मंचों से ट्रैक बनवाने की मांग भी की थी। हालांकि उनके जीते जी उनका यह सपना पूरा नहीं हो पाया, लेकिन अब उनके शहर के खिलाड़ी कुछ ही माह में सिंथेटिक ट्रैक पर फर्राटा भरते नजर आएंगे। बता दें कि, स्पोर्ट्स कांप्लेक्स-7 में बन रहे इस सिंथेटिक ट्रैक का फायदा यूटी स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट, एजुकेशन डिपार्टमेंट और कॉलेज के हजारों एथलीट्स व खिलाड़ियों को मिलेगा।
